L&T कन्वेयर बेल्ट पर गोलीबारी का दावा, राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी; पुलिस बोली- फायरिंग का कोई सबूत नहीं…

 

हजारीबाग। कोयलांचल में एक बार फिर राहुल दुबे गैंग के नाम से जारी कथित प्रेस रिलीज ने हलचल मचा दी है। हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित L&T कन्वेयर बेल्ट साइट पर रविवार तड़के गोलीबारी होने का दावा किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल कथित प्रेस रिलीज में गैंग ने 8 से 10 राउंड फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। यहां तक कि साइट पर तैनात एक गार्ड को गोली लगने की बात भी कही गई है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में कहानी का दूसरा पहलू भी है। पुलिस और कंपनी के लोग न तो फायरिंग की पुष्टि कर रहे हैं और न ही किसी गार्ड के घायल होने की बात स्वीकार कर रहे हैं।

कथित प्रेस रिलीज के मुताबिक, रविवार अहले सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच कन्वेयर बेल्ट परिसर में गोलियां चलाई गईं। बयान में संबंधित पक्षों को खुली चेतावनी देते हुए कहा गया है कि उनकी बात नहीं मानी गई और निर्धारित शर्तों के अनुसार कदम नहीं उठाए गए, तो अगली बार इससे भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कथित पोस्ट के सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

गैंग का दावा बनाम पुलिस की जांच

एक तरफ सोशल मीडिया पर गैंग के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाला पोस्ट वायरल है, तो दूसरी तरफ पुलिस की शुरुआती जांच में गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने के बाद केरेडारी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कंपनी के कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी फायरिंग होने की बात नहीं बताई। गार्ड के घायल होने की खबर को भी कंपनी के लोगों ने खारिज किया है। पुलिस के अनुसार, किसी घायल को अस्पताल भेजे जाने की जानकारी भी नहीं मिली है।

हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने बताया कि पुलिस को गोलीबारी की सूचना सोशल मीडिया से मिली थी। मौके पर जांच और पूछताछ के दौरान किसी ने घटना की पुष्टि नहीं की। घटनास्थल से कोई खोखा या अन्य आपत्तिजनक साक्ष्य भी बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, पुलिस मामले को हल्के में नहीं ले रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कंपनी के लोगों से पूछताछ जारी है।

कथित पोस्ट में पुराने मामलों का भी जिक्र

इस वायरल प्रेस रिलीज में केवल कन्वेयर बेल्ट साइट की घटना तक बात सीमित नहीं है। इसमें पुलिस प्रशासन की कार्यशैली, कथित फर्जी मुठभेड़ों और पूर्व में हुई कुछ घटनाओं को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दिलीप सिंह उर्फ शाखा की कथित पुलिस कस्टडी में पिटाई से हुई मौत का मामला उठाते हुए अब्दुल कादिर फतेह अली खान और उनके सहयोगियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।

इसके साथ ही तुषार मिश्रा, अंशु दुबे और गुड्डू मास्टर से जुड़े मामलों का हवाला देकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए गए हैं। कथित बयान में दावा किया गया है कि कुछ मामलों में पुलिस ने अपनी कार्रवाई को सही ठहराने के लिए अलग कहानी पेश की थी।

अब CCTV फुटेज से खुलेगा राज!

फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई, तो घटनास्थल पर उसका कोई निशान क्यों नहीं मिला? गार्ड के घायल होने का दावा भी कंपनी और पुलिस के बयान से मेल नहीं खा रहा है। दूसरी ओर, गैंग के नाम से जिम्मेदारी लेने वाला कथित पोस्ट भी जांच का विषय है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई का पता लगाने में जुटी है। वायरल प्रेस रिलीज की प्रामाणिकता की भी पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल फायरिंग की घटना एक दावा है, जिसकी पुष्टि होना बाकी है।

error: Content is protected !!