गोड्डा में बिजली तार चोरी करते रंगेहाथ पकड़े गए दो युवक, भारी मात्रा में विद्युत उपकरण बरामद, तीसरे की तलाश में जुटी पुलिस
गोड्डा।जिले के नगर थाना क्षेत्र में विद्युत सामग्री चोरी करने पहुंचे दो युवकों को मोहल्लेवासियों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी की गई विद्युत सामग्री के साथ चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए गए हैं। वहीं, मामले में एक अन्य युवक की संलिप्तता की जानकारी मिलने के बाद पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2026 की अहले सुबह करीब 3:30 बजे नगर थाना क्षेत्र के लोहियानगर स्थित प्राथमिक विद्यालय के बाल उद्यान परिसर में दो व्यक्ति विद्युत तार एवं अन्य सामग्री चोरी कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्लेवासियों की नजर उन पर पड़ गई। लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाना लाया और उनके पास से मिली सामग्री जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के गंगटा काली मंदिर निवासी प्रमोद दास के करीब 18 वर्षीय पुत्र तथा गंगटा खुर्द निवासी मोहम्मद अब्दुल कलाम के करीब 19 वर्षीय पुत्र जमील अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस को इस घटना में पोस्टमार्टम रोड निवासी राजू अंसारी के करीब 22 वर्षीय पुत्र मुजम्मिल मियां उर्फ पुतुल अंसारी के संबंध में भी जानकारी मिली है। उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
कई विद्युत उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक काला अल्टरनेटर (डायनेमो), एक नीला और एक काला सेल्मर/सेल्म, चार स्टील के रेंच, एक स्लाइड रेंच, एक एसी कंप्रेसर, करीब 400 ग्राम तांबे की सामग्री, एक एसी कॉयल, एसी आउटडोर का कटा हुआ हिस्सा, एक पेचकस समेत अन्य विद्युत तार एवं संबंधित सामग्री बरामद की है।
गोड्डा पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की संपत्ति बरामद करने और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

