शराब पीने के दौरान खूनी खेल, बोतल से हमला कर युवक की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप,दो गिरफ्तार

 

सरायकेला।जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। एस टाइप और कल्पनापुरी के बीच स्थित आदिवासी श्मशान परिसर में शराब पी रहे तीन लोगों के बीच ऐसी भिड़ंत हुई कि दो लोगों ने मिलकर तीसरे की जान ले ली। आरोप है कि हमलावरों ने शराब की बोतल से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की है। बताया जाता है कि तीनों लोग श्मशान परिसर में झाड़ियों के बीच बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। विवाद इतना बढ़ गया कि दो लोगों ने शराब की बोतल से तीसरे व्यक्ति पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।

इधर, मारपीट और शोरगुल की आवाज सुनकर कल्पनापुरी स्थित एक फ्लैट के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस मृतक और गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है। शुरुआती जांच में शराब पीने के दौरान विवाद की बात सामने आई है। आखिर किस बात पर तीनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ और हत्या की नौबत कैसे आ गई, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।

 

error: Content is protected !!