भूषण बाड़ा पर JMM का दो टूक बयान- दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाए; गिरफ्तारी पर कहा- कानून और अदालत का इंतजार करें

 

राँची।सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर अब झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भी अपना रुख साफ कर दिया है। पार्टी ने एक तरफ निष्पक्ष और सख्त जांच की मांग की है, तो दूसरी तरफ मामले को राजनीतिक रंग देने पर भाजपा और कांग्रेस दोनों को निशाने पर लिया है। JMM ने स्पष्ट कहा है कि दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। किसी को भी पद के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।

मंगलवार को हरमू स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में JMM नेता एवं विधायक विकास मुंडा ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्षता और गंभीरता से होनी चाहिए। जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि केवल आरोप लगने के आधार पर किसी को अपराधी घोषित करना उचित नहीं है। सच्चाई सामने आने से पहले राजनीतिक बयानबाजी और किसी के चरित्र पर सवाल खड़े करना ठीक नहीं है।

भाजपा की गिरफ्तारी की मांग पर JMM ने दी नसीहत

भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की भाजपा की मांग पर विकास मुंडा ने कहा कि गिरफ्तारी का फैसला कानूनी प्रक्रिया और अदालत के दायरे में होना चाहिए। किसी को भी अपने स्तर से फैसला सुनाने का अधिकार नहीं है। भाजपा और कांग्रेस दोनों को जांच पूरी होने तक इंतजार करना चाहिए। उन्होंने इस पूरे प्रकरण में राजनीतिक साजिश की आशंका जताते हुए इसकी भी जांच कराने की जरूरत बताई।

मुंडा ने कहा कि मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने अब तक कानूनी प्रक्रिया का पालन किया है। पीड़िता का बयान सीडब्ल्यूसी और मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराने की प्रक्रिया भी पूरी की गई है। पॉक्सो के मामलों में कई प्रक्रियाएं गोपनीय होती हैं, इसलिए जांच से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक करना संभव नहीं है।

पत्रकार के कार्यालय में पुलिस कार्रवाई पर भी दिया जवाब

पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय में पुलिस की कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर विकास मुंडा ने कहा कि किसी मामले में शिकायतकर्ता से पुलिस पूछताछ कर सकती है और जानकारी हासिल कर सकती है। जांच में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार हो या विधायक, किसी के खिलाफ बिना जांच के निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है।

भाजपा पर चरित्र हनन का आरोप

विकास मुंडा ने भाजपा पर पूरे मामले को राजनीतिक नैरेटिव देने और विधायक के चरित्र हनन का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वालों को जांच की प्रक्रिया पूरी होने देनी चाहिए। किसी के खिलाफ निष्कर्ष साक्ष्यों के आधार पर ही निकाला जाना चाहिए।

JMM विधायक सुदीप गुड़िया बोले- पीड़िता को मिले न्याय

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक सुदीप गुड़िया ने भी मामले को बेहद गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला संवेदनशील है और इसमें दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। यदि इसके पीछे कोई साजिश है, तो उसका भी पर्दाफाश होना चाहिए। साजिश में शामिल लोगों के चेहरे भी सामने आने चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी का पद या राजनीतिक हैसियत उसे संरक्षण देने का आधार नहीं बन सकती। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि पीड़िता को न्याय मिले और दोषियों को कानून के मुताबिक सजा मिले।

error: Content is protected !!