JPSC घोटाले में मीडिया मैनेजमेंट का सनसनीखेज खुलासा… अभय तिवारी ने खबरें रुकवाने के लिए संपादक को भिजवाए 50 हजार और शराब की बोतल
राँची। JPSC परीक्षा घोटाले की जांच में जुटी CID की चार्जशीट से एक ऐसा खुलासा सामने आया है, जिसने पूरे मामले में नया विवाद खड़ा कर दिया है। परीक्षा में कथित धांधली, इंटरव्यू पैनल सेट करने और PIL मैनेज करने के आरोपों के बीच अब मीडिया को कथित तौर पर मैनेज करने का मामला भी सामने आया है। चार्जशीट में संलग्न अभियुक्त अभय तिवारी के कथित स्वीकारोक्ति बयान में दावा किया गया है कि घोटाले से जुड़ी खबरें रुकवाने के लिए एक न्यूज चैनल के संपादक तक 50 हजार रुपये नकद और शराब की बोतल पहुंचाई गई थी।
खबरें बंद कराने के लिए 50 हजार रुपये और शराब!
अभय तिवारी के कथित स्वीकारोक्ति बयान के मुताबिक, ‘भारत मित्र’ न्यूज चैनल और पोर्टल पर JPSC घोटाले से संबंधित खबरें और वीडियो लगातार प्रसारित हो रहे थे। इन खबरों को बंद कराने के लिए उसने चैनल के संपादक अभिषेक भारती से संपर्क किया। इसके बाद हजारीबाग के सुमित के माध्यम से संपादक तक 50,000 रुपये नकद और शराब की एक बोतल भिजवाने का दावा किया गया है। बयान में कहा गया है कि इसके बाद संबंधित खबरों और वीडियो का प्रसारण बंद हो गया।
इंटरव्यू पैनल सेट करने के लिए भी बिछाया गया था जाल!
अभियुक्त के बयान में JPSC इंटरव्यू पैनल को प्रभावित करने के कथित खेल का भी जिक्र हैकार्यालय में कार्यरत धर्मेंद्र, पतंजलि IAS एकेडमी समेत अन्य कोचिंग संस्थानों में पढ़ाने वाले रवि मास्टर और JPSC में ASO समीर का नाम लिया गया है। बयान में दावा किया गया है कि JPSC सदस्य अजीत भट्टाचार्य के पीए ब्रजराम के भी कई अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। ब्रजराम और रवि मास्टर के बीच करीबी संबंध होने की बात भी कही गई है।
PIL के नाम पर तीन करोड़ की डील का दावा!
कथित स्वीकारोक्ति बयान में जनहित याचिका (PIL) को लेकर भी चौंकाने वाले दावे किए गए हैं। इसके मुताबिक, रवि मास्टर ने एक वकील के माध्यम से शिवशंकर शर्मा से जनहित याचिका दायर करवाई थी। बाद में इस PIL को मैनेज करने के लिए तीन करोड़ रुपये की मांग किए जाने की बात कही गई है। इस सिलसिले में राँची के सैनिक मार्केट में दुकान चलाने वाले अजहर को पांच लाख रुपये दिए जाने का भी जिक्र है। बयान में कहा गया है कि PIL को लेकर आयोग को नोटिस मिला था और इसकी जानकारी तत्कालीन चेयरमैन एवं श्वेता गुप्ता को भी थी।
सबूत मिटाने के लिए मोबाइल तोड़कर फेंका, 5.50 लाख रुपये बरामद!
अभय तिवारी ने अपने बयान में बताया कि वह अपने मोबाइल नंबर से TDPL कंपनी के डायरेक्टर और परीक्षा के एजेंटों से बातचीत करता था। टीवी पर घोटाले से जुड़ी खबरें आने के बाद पकड़े जाने के डर से उसने संबंधित मोबाइल तोड़कर फेंक दिया था। वहीं, गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक Asus लैपटॉप, एक Motorola मोबाइल फोन और पीले रंग के थैले में रखे 5 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए जाने का उल्लेख भी स्वीकारोक्ति बयान में है।
चार्जशीट के इस खुलासे ने खड़े किए कई सवाल
JPSC परीक्षा में कथित धांधली की जांच के दौरान सामने आए इन बयानों ने पूरे प्रकरण को और गंभीर बना दिया है। इंटरव्यू पैनल को प्रभावित करने से लेकर जनहित याचिका मैनेज करने और मीडिया में खबरों का प्रसारण बंद कराने के कथित दावों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। खबरों का प्रसारण रोकने के लिए कथित लेनदेन की जांच जारी है।

