सोते हुए ग्राम प्रधान की गला काटकर हत्या, 8 घंटे में खुला राज; टांगी और खून से सना गमछा बरामद, आरोपी गिरफ्तार
पाकुड़। जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में घर के अंदर सो रहे ग्राम प्रधान की गला काटकर हत्या के मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्याकांड में गांव के ही करीब 23 वर्षीय धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टांगी और खून से सना गमछा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को छोटा कुस्कुट्टा गांव में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान गांव के ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया के रूप में हुई। बताया गया कि रात के समय वह अपने घर में सो रहे थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उनकी गला काटकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर विशेष जांच दल गठित किया गया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर तकनीकी टीम, फिंगरप्रिंट टीम और स्वान दस्ता की मदद से जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ मानवीय और तकनीकी सूचनाओं को जोड़ते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसके बाद लगातार छापेमारी करते हुए पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी के बेंत वाली टांगी, जिस पर खून जैसा पदार्थ लगा था, बरामद की गई। इसके अलावा नारंगी रंग का प्रिंटेड गमछा, जिस पर खून लगा हुआ था, भी पुलिस ने जब्त किया है।
एसपी ने बताया कि बीते 21 सितंबर की रात्रि धर्मा पहाड़िया ग्राम प्रधान बामना पहाड़िया के घर घुसकर टांगी से उसके गर्दन में वार कर दिया।जिस कारण घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। एसपी ने बताया कि धर्मा पहाड़िया को यह संदेह था कि ग्राम प्रधान बामना पहाड़िया अंधविश्वास (जादू टोना) करता है जिस कारण धर्मा के परिवार के सदस्य की मृत्यु हो गयी थी और उसी संदेह में ग्राम प्रधान की हत्या कर दी।पुलिसिया पूछताछ में हत्या के आरोपी धर्मा ने बताया कि ग्राम प्रधान बामना जादू टोना करता था। जिससे पूर्व में हुए उसके दादा और पिता की मृत्यु जादू टोना के कारण हुई है।
हत्याकांड के खुलासे के लिए गठित टीम में अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनुप रोशन भेंगरा के साथ कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। तकनीकी टीम और विभिन्न थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, आधुनिक वैज्ञानिक साक्ष्य और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

