पत्नी से फोन पर विवाद के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, कमरे में फंदे से लटका मिला,चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह
जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्मनगर में सोमवार रात पत्नी से फोन पर हुए विवाद के बाद 23 वर्षीय युवक संजय तांडी की मौत हो गई। संजय ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा। संजय फंदे से लटका हुआ था।
परिजनों ने खिड़की तोड़कर उसे नीचे उतारा और आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह
परिजनों के मुताबिक, संजय ने करीब चार महीने पहले सोनारी निवासी सोमा कर्मकार से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। बताया गया कि इसके बाद सोमा मानगो स्थित एक लॉज में रहने लगी थी, हालांकि बीच-बीच में वह घर आती थी।परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार रात भी संजय और सोमा के बीच फोन पर विवाद हुआ था। परिजनों के अनुसार, सोमा का मोबाइल अक्सर व्यस्त रहने को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी होती थी। इसी विवाद के बाद संजय कमरे में चला गया और कुछ देर बाद यह घटना सामने आई।
मां के बयान पर यूडी केस दर्ज
मामले में मृतक की मां सुलोचना तांडी के बयान पर कदमा थाना में अस्वाभाविक मौत (यूडी) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, संजय तांडी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और छिनतई से जुड़े मामले दर्ज थे। पुलिस अब घटना के कारणों और सोमवार रात हुए विवाद समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

