विमला प्रधान के निधन से भाजपा में शोक की लहर, वरिष्ठ नेताओं ने बताया अपूरणीय क्षति
राँची। झारखण्ड सरकार की पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री विमला प्रधान के निधन से भाजपा परिवार में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर मिलते ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। नेताओं ने विमला प्रधान के निधन को झारखण्ड की राजनीति और भाजपा संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने विमला प्रधान के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह ही उन्होंने अस्पताल पहुंचकर विमला प्रधान के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और उनके परिजनों से मुलाकात की थी। कुछ ही समय बाद उनके निधन की खबर ने सभी को मर्माहत कर दिया।
आदित्य साहू ने कहा कि विमला प्रधान ने लंबे समय तक पार्टी और समाज के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम किया। उनका राजनीतिक जीवन संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना से जुड़ा रहा। उनके निधन से पार्टी ने एक अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नेत्री को खो दिया है।
सीएम ने कहा- राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर कहा कि झारखंड की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. उन्होंने कहा कि विमला प्रधान का निधन राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है. सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण को किया याद
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी विमला प्रधान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने उनके लंबे सामाजिक और राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा स्मरण किया जाएगा। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण ने उन्हें पार्टी में अलग पहचान दिलाई।
भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि विमला प्रधान ने हमेशा समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उनके निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं को गहरा आघात पहुंचा है।
पूर्व मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों ने जताया शोक
विमला प्रधान के निधन पर झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्रियों रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चम्पाई सोरेन और मधु कोड़ा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद संजय सेठ सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायकों ने भी उनके निधन पर दुःख जताया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि विमला प्रधान का राजनीतिक और सामाजिक जीवन आने वाली पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने पार्टी और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का लंबे समय तक निर्वहन किया।नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। विमला प्रधान के निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भी शोक का माहौल है।

