सीआईटी कैंपस में गार्ड की मौत से मचा हड़कंप, सिर में गंभीर चोट के बाद तोड़ा दम; छत पर पानी टंकी देखने के दौरान गिरने की भी चर्चा

 

राँची। टाटीसिलवे थाना क्षेत्र स्थित कैंब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीआईटी) में सुरक्षा गार्ड की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद कैंपस में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान धनपति महतो, पिता शशिभूषण महतो, निवासी सोनाहातु के रूप में हुई है। ड्यूटी के दौरान अचानक गिरने के बाद उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही टाटीसिलवे थाना पुलिस सीआईटी कैंपस पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

चलते-चलते अचानक जमीन पर गिरा गार्ड
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सीआईटी में पढ़ने वाले छात्रों ने बताया कि धनपति महतो ड्यूटी के दौरान कैंपस में चल रहे थे। इसी दौरान अचानक वह फर्श पर गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बहने लगा। छात्रों ने आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

छत पर पानी टंकी देखने की भी चर्चा
घटना को लेकर एक दूसरा पहलू भी सामने आ रहा है। चर्चा है कि धनपति महतो सीआईटी की छत पर रखी पानी की टंकी में पानी देखने गए थे। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गए। हालांकि पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सीसीटीवी से खुलेगा मौत का राज!
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी में है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गार्ड आखिरी बार कहां और किस परिस्थिति में दिखाई दिए थे। पुलिस छात्रों और सीआईटी के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।

इधर, सोनाहातु में रह रहे परिजनों को घटना की सूचना फोन पर दी गई। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग टाटीसिलवे पहुंचे। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

 

error: Content is protected !!