घर में घुसे हत्यारे ने मचाया खूनी तांडव, तीनों लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग…दंपती की मौत, बेटा अस्पताल में भर्ती

 

बोकारो।जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र की डीवीसी कॉलोनी स्थित पश्चिमी टोला (पश्चिमी पल्ली) में गुरुवार को हुई गोलीबारी की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधी ने एक ही परिवार के तीन लोगों को गोली मार दी। गोली लगने से पति-पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। वहीं उनका पुत्र रोहित सिन्हा गोली लगने से घायल है। अचानक हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही चंद्रपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

घर में घुसकर मारी गोली, दो की मौके पर मौत
बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर ने नरेश सिन्हा, उनकी पत्नी और पुत्र रोहित को निशाना बनाते हुए गोली चलाई। गोली लगने से नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और घायल रोहित को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, हत्या की वजह पर अभी चुप्पी
मामले को लेकर बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक नरेश सिन्हा की उम्र करीब 65 वर्ष थी। अज्ञात अपराधी ने परिवार के तीन सदस्यों को गोली मारी, जिसमें नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र रोहित घायल है। घायल को बेहतर इलाज के लिए बीजीएच भेजा गया है।डीएसपी ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के कारण के संबंध में कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

सेवानिवृत्त थे नरेश सिन्हा
पुलिस के अनुसार नरेश सिन्हा पहले एक निजी कंपनी में काम करते थे और फिलहाल सेवानिवृत्त हो चुके थे। एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या और तीसरे सदस्य के घायल होने की घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।
अज्ञात अपराधी ने आखिर किस वजह से परिवार को निशाना बनाया, घटना के पीछे पुरानी रंजिश है या कोई दूसरा कारण इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस अपराधी की पहचान और हत्या के कारण का पता लगाने में जुटी है।वहीं इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

 

error: Content is protected !!