बंद घर में चोरी के बाद हज़ारीबाग पुलिस का एक्शन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; करीब पांच लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद
हजारीबाग। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बंद घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर समेत कीमती सामान चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के करीब 29 ग्राम और चांदी के करीब 450 ग्राम आभूषण बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सखिया पोस्ट अंतर्गत ओसरिया निवासी जिन्नत प्रवीण के बंद घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर सोने के आभूषण समेत कई कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के संबंध में पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर मुफस्सिल थाना कांड संख्या 157/26, दिनांक 16 सितंबर 2026 को धारा 331(3)/305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
CCTV और तकनीकी साक्ष्य से पुलिस पहुंची आरोपी तक
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर तत्काल छापेमारी टीम का गठन किया गया। सदर एसडीपीओ रूपक कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह समेत पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल किए गए।जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को खंगाला। संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ इलाके में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई। इसी क्रम में पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने में सफलता मिली।
घेराबंदी कर जाफर अंसारी को पकड़ा
संदिग्ध की पहचान होने के बाद मुफस्सिल थाना प्रभारी और छापेमारी टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाफर अंसारी, पिता मोहम्मद अंसारी, निवासी तुरांव, थाना मुफस्सिल, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ी में छिपाकर रखे गए चोरी के आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार, बरामदगी में करीब 29 ग्राम सोने के आभूषण और 450 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं। इनकी अनुमानित वर्तमान कीमत करीब पांच लाख रुपये है।
चोरी में साथी की भी भूमिका, तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में इस कांड में अपने एक साथी मो. फिरोज अंसारी उर्फ सोनू के शामिल होने की जानकारी दी है। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस अब उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
आरोपी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार जाफर अंसारी के खिलाफ मुफस्सिल थाना में पहले भी दो मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 में दर्ज कांड संख्या 159/25 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामले शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ रूपक कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक बिंदेश्वर महतो, सहायक अवर निरीक्षक उषा कुमारी समेत तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी और मुफस्सिल थाना सशस्त्र बल शामिल रहे।

