राँची के लालपुर में निर्माणाधीन मकान की दीवार ने ली मजदूर की जान, मुआवजे की मांग पर हंगामा, ठेकेदार फरार

 

राँची।राजधानी राँची के लालपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पैंटालून लालपुर के सामने चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गयी। दीवार के मलबे की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गयी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी।घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर मजदूर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत मजदूर पश्चिम बंगाल के झालदा का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि मजदूर बंगाली भाषा बोलता था। वह निर्माणाधीन मकान में मजदूरी का काम कर रहा था। हादसे में उसकी जान चली गयी।वहीं, निर्माण कार्य का ठेकेदार भी झालदा का ही रहने वाला बताया जा रहा है। हादसे के बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया। पुलिस अब ठेकेदार की तलाश के साथ-साथ निर्माण कार्य से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है

मजदूर की मौत के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य करा रहे लोगों की ओर से मृत मजदूर के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर लोग घटनास्थल पर डटे हुए हैं और शव को उठाने नहीं दे रहे हैं।मुआवजे की मांग को लेकर मौके पर हंगामा जारी है। पुलिस लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, पैंटालून लालपुर के सामने निर्माणाधीन मकान में खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गयी। मजदूर इसकी चपेट में आ गया और मलबे के नीचे दब गया।हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में मलबा हटाकर मजदूर को बाहर निकाला गया,लेकिन उसकी जान जा चुकी थी।

लालपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दीवार अचानक क्यों गिरी, इसकी भी जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस ठेकेदार के मौके से फरार होने के मामले की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटनास्थल पर मुआवजे की मांग को लेकर लोगों का हंगामा जारी है।

error: Content is protected !!