Ranchi:महिला वकीलों के साथ थाना प्रभारी के द्वारा बदसलूकी और दुर्व्यवहार के खिलाफ,SC-ST थाना में धरने पर बैठी सिविल कोर्ट की महिला अधिवक्ता…

 

राँची।राँची में महिला अधिवक्ताओं के साथ थाना प्रभारी द्वारा बदसलूकी और दुर्व्यवहार के बाद शुरू हुआ बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को राँची सिविल कोर्ट के वकीलों ने एकजुटता दिखाते हुए खुद को न्यायिक कार्य से दूर रखा था। वहीं आज यानी शनिवार को राँची सिविल कोर्ट की कई महिला अधिवक्ता SC-ST थाना पहुंची हुई हैं। महिला वकीलों ने अपने हाथों में “राँची पुलिस न्याय दो” की तख्तियां ले रखी हैं और पुलिस से न्याय व सुरक्षा की मांग कर रही हैं। वहीं दूसरी तरफ, इस घटना के विरोध में राँची सिविल कोर्ट के सभी अधिवक्ता आज काला बिल्ला लगाकर न्यायिक कार्य कर रहे हैं।

क्या है पूरा मामला:
दरअसल, यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब गुरुवार को राँची सिविल कोर्ट की महिला अधिवक्ता सविता कुजूर अपनी सहकर्मी अधिवक्ताओं सोनी लकड़ा, अमिता विरुवा और नीलिमा रानी के साथ एक मुवक्किल की शिकायत दर्ज कराने एससी-एसटी थाना पहुंची थीं।आरोपों के मुताबिक, वहां मौजूद जांच अधिकारी महेंद्र बाड़ा ने पहले शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। इसके बाद जब अधिवक्ताएं अपनी कानूनी मांग को लेकर थाना प्रभारी महेश मुंडा के पास पहुंचीं, तो उन्होंने सहयोग करने के बजाय ऊंची आवाज में डराना-धमकाना शुरू कर दिया। राँची SSP को दी गई शिकायत में महिला अधिवक्ता ने कहा है कि थाना प्रभारी महेश मुंडा ने कथित तौर पर गंदी नीयत से अधिवक्ता सविता कुजूर का हाथ पकड़ा और उन्हें दीवार की ओर धक्का दिया। इस दौरान महिला अधिवक्ताओं के साथ अत्यंत आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।हालांकि शिकायत मिलने के बाद भी एसएसपी ने ना तो जांच कराए ना ही कोई कार्रवाई की है।जिससे वकीलों में आक्रोश हैं।

error: Content is protected !!