अस्पताल के ओपीडी के पास अर्धबेहोश मिली युवती, कौन छोड़ गया,जांच में जुटी है पुलिस, CCTV खंगाल रही…

 

धनबाद।शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में शनिवार की अहले सुबह उस वक्त हलचल मच गई, जब ओपीडी परिसर के पास एक युवती अर्धबेहोशी की हालत में पड़ी मिली। युवती को इस स्थिति में देखकर वहां मौजूद सफाई कर्मियों ने तत्काल अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी। कुछ ही देर में होमगार्ड जवान और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी सरायढेला पुलिस को दी गई।
युवती की हालत को देखते हुए उसे बिना देर किए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। फिलहाल युवती पूरी तरह होश में नहीं है और वह पुलिस को स्पष्ट बयान देने की स्थिति में नहीं बताई जा रही है।

बताया गया कि शनिवार सुबह ओपीडी के समीप अमृत भारत मेडिकल स्टोर के पास सफाई कर्मी रोज की तरह अपने काम में जुटे थे। इसी दौरान उनकी नजर जमीन पर पड़ी युवती पर गई। काफी देर तक युवती के नहीं उठने पर सफाई कर्मियों को संदेह हुआ कि उसकी तबीयत खराब है या वह किसी परेशानी में है।
इसके बाद उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मी और होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचे। युवती की स्थिति गंभीर नजर आने पर पुलिस को सूचना दी गई और उसे अस्पताल के अंदर ले जाकर उपचार शुरू कराया गया।

युवती से उसकी पहचान और घर के पते के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया। प्रारंभिक तौर पर उसने अपना पता कार्मिक नगर बताया है। हालांकि, अर्धबेहोशी की स्थिति के कारण उसकी पूरी पहचान और अन्य जरूरी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवती अस्पताल परिसर तक कैसे पहुंची और वह ओपीडी के पास इस हालत में क्यों पड़ी थी। क्या वह खुद वहां पहुंची थी या कोई उसे वहां छोड़कर गया? फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही मिल सकेगा।

घटना की सूचना मिलने के बाद सरायढेला पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल परिसर और ओपीडी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवती अस्पताल परिसर में किस समय पहुंची, किस रास्ते से आई और उसके साथ उस वक्त कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं।

पुलिस युवती के पूरी तरह होश में आने का इंतजार कर रही है। उसके बयान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह किन परिस्थितियों में अस्पताल पहुंची और उसके साथ वास्तव में क्या हुआ था।फिलहाल युवती का इलाज एसएनएमएमसीएच में जारी है। पुलिस की जांच और युवती के बयान के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!