हादसे के बाद तेल लूटने की मची होड़, कंटेनर-ड्रम लेकर मौके पर उमड़ी भीड़

 

कोडरमा। राँची-पटना मुख्य मार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मेघातरी कालीमंडा के पास कच्चा तेल लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर तेल फैलने लगा तो देखते ही देखते आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कोई बाल्टी लेकर पहुंचा तो कोई ड्रम और दूसरे बर्तन लेकर तेल भरने लगा।

जानकारी के मुताबिक, टैंकर पश्चिम बंगाल के हल्दिया से कच्चा तेल लेकर कोडरमा के रास्ते नेपाल जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक बोलेरो को बचाने के प्रयास में टैंकर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद टैंकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आईं।

टैंकर के पलटते ही उसमें मौजूद कच्चा तेल बाहर निकलकर सड़क पर फैलने लगा। तेल बहता देखकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां का नजारा ऐसा हो गया, मानो तेल भरने की होड़ मच गई हो।ग्रामीण बाल्टी, ड्रम और अन्य बर्तनों में तेल भरकर ले जाने लगे। भीड़ बढ़ने की सूचना मिलते ही कोडरमा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटाया। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस के पहुंचने के बाद ग्रामीणों को मौके से हटाया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से पलटे टैंकर को सीधा कर सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही काफी मात्रा में तेल ग्रामीण अपने साथ ले जा चुके थे। वहीं टैंकर से निकला बड़ी मात्रा में कच्चा माल सड़क पर ही बह गया।

बताया जा रहा है कि टैंकर में सीधे खाने वाला रिफाइंड सोयाबीन तेल नहीं, बल्कि सोयाबीन तेल तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल लदा था। इसे बिना आवश्यक प्रोसेसिंग और गुणवत्ता जांच के खाने के लिए इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं माना जा सकता।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ में कई लोग इस बात से अनजान नजर आए कि टैंकर से बह रहा पदार्थ सीधे इस्तेमाल करने योग्य खाद्य तेल नहीं था। फिलहाल पुलिस ने टैंकर को सड़क से हटवा दिया है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

error: Content is protected !!