JSSC-CGL धांधली की जांच में बड़ा कदम: सीआईडी की टीम फिर JSSC दफ्तर पहुंची, सचिव से घंटों पूछताछ; OMR शीट और दस्तावेज खंगाले

 

राँची। झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं, खासकर JSSC-CGL को लेकर सामने आए कथित पेपर लीक और अनियमितता के मामलों की जांच अब आयोग के कार्यालय तक पहुंच गई है। शुक्रवार को फिर झारखण्ड CID की विशेष जांच टीम ने नामकुम स्थित JSSC मुख्यालय में पहुंचकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाल रही है। टीम ने आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता से भी लंबे समय तक पूछताछ की। जांच के दौरान कई OMR शीट और अन्य दस्तावेज बरामद किए जाने की बात सामने आ रही है।

बताया जा रहा है कि CID की कार्रवाई शुक्रवार सुबह से ही शुरू हो गई थी। जांच टीम ने मोरहाबादी के हरिहर सिंह रोड स्थित JSSC सचिव सुधीर गुप्ता के निजी आवास पर भी तलाशी ली। सूत्रों के मुताबिक, यहां टीम ने काफी देर तक छानबीन की और कुछ महत्वपूर्ण फाइलों एवं डिजिटल सामग्री की जांच की।
आवास पर कार्रवाई पूरी करने के बाद CID की टीम सीधे नामकुम स्थित JSSC कार्यालय पहुंची। इसके बाद आयोग के प्रशासनिक भवन में सचिव से पूछताछ का सिलसिला शुरू हुआ।

जांच टीम ने आयोग के रिकॉर्ड और परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों को भी खंगाला। इस दौरान कई OMR शीट और अन्य कागजात बरामद किए जाने की जानकारी है। माना जा रहा है कि जांच अधिकारी परीक्षा प्रक्रिया, अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं और आयोग के रिकॉर्ड से जुड़े पहलुओं को बारीकी से देख रहे हैं।
CID की कार्रवाई का एक अहम पहलू यह भी है कि जांच एजेंसी अब केवल कथित पेपर लीक से जुड़े बाहरी नेटवर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि परीक्षा संचालन और उससे जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

JSSC-CGL समेत भर्ती परीक्षाओं से जुड़े रिकॉर्ड को लेकर सचिव से कई बिंदुओं पर पूछताछ किए जाने की जानकारी है। हालांकि, पूछताछ में किन सवालों पर विशेष फोकस रहा और सचिव की ओर से क्या जवाब दिया गया, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।जांच टीम द्वारा बरामद दस्तावेजों और OMR शीट की जांच के बाद आने वाले तथ्यों से यह स्पष्ट हो सकता है कि परीक्षा प्रक्रिया में कहीं गड़बड़ी हुई थी या नहीं और यदि हुई थी तो उसकी प्रकृति क्या थी।

JSSC-CGL मामले में CID की जांच पहले से ही चल रही है और अब आयोग के कार्यालय तथा अधिकारियों से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। जांच एजेंसी परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य रिकॉर्ड को आपस में मिलाकर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।हालांकि, सचिव के आवास और JSSC कार्यालय में हुई कार्रवाई तथा बरामदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। CID की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई और बरामद दस्तावेजों की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!