खूँटी में खौफनाक वारदात: घर से अगवा कर गैरेज संचालक की निर्मम हत्या, जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

 

खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अपराधियों ने मोटरसाइकिल गैरेज संचालक राधेश्याम साहू उर्फ राधे मिस्त्री (44) का पहले घर से अपहरण किया और फिर बेरहमी से उनकी हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि रविवार की देर रात 4 से 5 अज्ञात अपराधी बोलेरो वाहन से रनिया स्थित राधेश्याम के किराए के घर पहुंचे। अपराधियों ने जबरन घर में घुसकर राधेश्याम को अगवा कर लिया। इतना ही नहीं, जाते समय उनकी स्कूटी भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

पति के अपहरण के तुरंत बाद राधेश्याम की पत्नी रनिया थाना पहुंचीं और पुलिस को लिखित शिकायत देकर उनके सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। लेकिन इससे पहले कि पुलिस कोई ठोस कार्रवाई कर पाती, सोमवार सुबह एक भयावह सच सामने आ गया।

सोमवार सुबह साप्ताहिक हाट जाने वाले राहगीरों की नजर तांबा-केनबाकी मार्ग स्थित तांबा जंगल के पास सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी पर पड़ी। पास जाकर देखा तो स्कूटी के नीचे एक शव दबा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।घटनास्थल का दृश्य इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी। अपराधियों ने राधेश्याम के सिर पर भारी पत्थर से कई वार किए थे, जिससे उनका चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। हत्या के बाद पहचान छिपाने और मामले को सड़क दुर्घटना दिखाने की नीयत से शव के ऊपर उनकी स्कूटी पलटकर रख दी गई थी।

घर से अपहरण और कुछ घंटों बाद हत्या की इस वारदात ने रनिया क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्यारों की तलाश के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।

error: Content is protected !!