रिश्तों का कत्ल:ससुर-बहू के ‘अवैध इश्क’ में रोड़ा बनी सास, तो लोहा काटने वाले ग्राइंडर से रेत डाला गला…

​गिरिडीह।रिश्तों को शर्मसार और इंसानियत को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। झारखण्ड के गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड (भरकट्टा ओपी क्षेत्र) के सिरमाडीह गांव में एक ससुर और उसकी छोटी बहू ने मिलकर अपनी ही 55 वर्षीय सास कुलसी देवी की लोहा काटने वाली ग्राइंडर मशीन से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि सास, ससुर और बहू के बीच चल रहे अवैध संबंधों के रास्ते का कांटा बन रही थी।

​ग्रामीणों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ससुर दौलत साव का अपनी ही छोटी बहू प्रीति कुमारी के साथ लंबे समय से अवैध संबंध चल रहा था। प्रीति का पति अपने परिवार के जीविकोपार्जन के लिए हैदराबाद में रहकर नौकरी करता है। पीछे से ससुर और बहू लोक-लाज भूलकर पति-पत्नी की तरह रहने लगे थे। जब मृतका कुलसी देवी ने इस घिनौने रिश्ते का विरोध करना शुरू किया, तो दोनों ने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।

​यह वारदात शुक्रवार रात की है। ससुर और बहू ने मिलकर सोते समय कुलसी देवी का गला ग्राइंडर मशीन से रेत दिया। हत्या के बाद दोनों ने शव को कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लटका दिया ताकि गांव वालों को लगे कि सास घर पर नहीं है। जब पड़ोसियों ने कुलसी देवी के बारे में पूछा, तो शातिर बहू ने झूठ बोल दिया कि ‘सास अपनी बेटी के घर गई हैं।’ दो दिनों तक दोनों शव को ठिकाने लगाने की जुगत में रहे, लेकिन जब नाकाम रहे और लाश सड़ने लगी, तो ससुर दौलत साव खुद को बेकसूर दिखाने के लिए रविवार सुबह स्थानीय मुखिया केके वर्मा के पास पहुंचा। उसने रोते हुए नाटक किया कि ‘किसी ने मेरी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी है।’

​पंचायत में ससुर को चप्पलों से पीटा था, फिर मर्जी से शुरू हुआ ‘खेल’

इस खौफनाक हत्याकांड के पीछे की कहानी और भी चौंकाने वाली है। ग्रामीणों ने बताया कि दो साल पहले ससुर दौलत साव अपनी बहू को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाता था और जबरन संबंध बनाता था। बहू को जब इस बात का पता चला, तो उसने गांव में पंचायत बुलाई और भरे समाज के सामने ससुर की चप्पलों से पिटाई कर दी थी। इस घटना के बाद पति प्रीति को अपने साथ हैदराबाद ले गया था, लेकिन कुछ दिन बाद वह वापस गांव लौट आई। इस बार जबरदस्ती नहीं, बल्कि दोनों की मर्जी से यह ‘पाप का खेल’ दोबारा शुरू हो गया।

​इधर,रविवार को मुखिया की सूचना पर जब भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ सिरमाडीह गांव पहुंचे, तो बंद कमरे से भयानक दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने जब ताला खोलकर देखा तो अंदर कुलसी देवी का क्षत-विक्षत शव पड़ा था।
​पुलिस के सामने भी ससुर और बहू अनजान बनने का नाटक करते रहे, लेकिन पुलिसिया पूछताछ के आगे दोनों टूट गए और अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने मौके से ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बड़ी बहू हेमंती देवी की शिकायत पर मामला दर्ज कर, पुलिस ने दोनों ‘कलयुगी’ ससुर और बहू को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

error: Content is protected !!