झारखण्ड में बड़ा कानूनी बदलाव:राजीव रंजन का इस्तीफा मंजूर,रोहितश्य रॉय बने नए महाधिवक्ता…
राँची।झारखण्ड के प्रशासनिक और कानूनी गलियारों से एक अहम खबर सामने आई है।राज्य सरकार ने महाधिवक्ता (Advocate General) के पद पर बड़ा परिवर्तन करते हुए तत्काल प्रभाव से नई नियुक्ति की घोषणा कर दी है। मौजूदा महाधिवक्ता राजीव रंजन के इस्तीफे के बाद वरिष्ठ अधिवक्ता रोहितश्य रॉय को झारखण्ड का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है।विधि विभाग, झारखण्ड मंत्रालय, धुर्वा द्वारा रविवार देर रात जारी अधिसूचना ने इस बदलाव पर आधिकारिक मुहर लगा दी।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राजीव रंजन द्वारा 14 जून को सौंपा गया त्यागपत्र स्वीकार कर लिया गया है और उनके पद छोड़ते ही राज्य के नए मुख्य विधिक सलाहकार के रूप में श्री रॉय की नियुक्ति कर दी गई है।संविधान के अनुच्छेद 165(1) के तहत राज्यपाल द्वारा लिए गए इस फैसले को झारखण्ड की कानूनी व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। अधिसूचना के मुताबिक रोहितश्य रॉय अपने पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक झारखण्ड राज्य के महाधिवक्ता के रूप में कार्य करेंगे।
इधर,राजनीतिक और कानूनी हलकों में इस नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हैं। महाधिवक्ता का पद राज्य सरकार के सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पदों में से एक माना जाता है, जो सरकार को कानूनी मामलों में सलाह देने के साथ-साथ उच्च न्यायालय में उसका पक्ष भी रखता है। ऐसे में राजीव रंजन के इस्तीफे और रोहितश्य रॉय की नियुक्ति को झारखण्ड की न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था के लिहाज से एक बड़ी घटना माना जा रहा है।झारखण्ड की सत्ता और न्यायिक व्यवस्था के बीच समन्वय की सबसे अहम कड़ी माने जाने वाले महाधिवक्ता पद पर हुए इस बदलाव ने राज्य की राजनीतिक और कानूनी दोनों हलचलों को नई दिशा दे दी है।

