Ranchi:केतारी बागान रेलवे क्रॉसिंग फ्लाईओवर निर्माण में लापरवाही, कीचड़ और सुरक्षा इंतजामों के अभाव से बढ़ा हादसों का खतरा…

राँची। राजधानी राँची के चुटिया स्थित केतारी बागान रेलवे क्रॉसिंग के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर परियोजना में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था आम लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनती जा रही है। वर्तमान में फ्लाईओवर के पिलरों का निर्माण कार्य बहुत धीमी गति से जारी है,लेकिन निर्माण स्थल के आसपास चारों ओर कीचड़ फैला हुआ है,जहां तहां गड्ढे हैं।जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग द्वारा न तो नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था की जा रही है और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव साफ दिखाई देता है।

बरसात का मौसम शुरू होने के साथ ही सड़क पर फिसलन और दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ गई है। इसका ताजा उदाहरण आज रविवार शाम देखने को मिला, जब इसी स्थान पर एक दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में चालक को गंभीर चोटें आईं और वह बुरी तरह घायल हो गया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग ने आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए, तो भविष्य में और भी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। लोगों ने मांग की है कि निर्माण स्थल पर तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, पर्याप्त रोशनी तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जनहित से जुड़े इस गंभीर मामले में संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से तत्काल हस्तक्षेप कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पर लगातार लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।

error: Content is protected !!