Ranchi:लापता अदिति की बरामदगी को लेकर फूटा जनाक्रोश, मूसलाधार बारिश में सड़क पर उतरे लोग–
–एक माह से अधिक समय से लापता है अदिति पांडेय, पुलिस ने सूचना देने पर इनाम बढ़ाकर किया ढाई लाख रुपये
राँची।सदर थाना क्षेत्र से लापता अदिति पांडेय की बरामदगी की मांग को लेकर रविवार देर शाम लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बैनर और पोस्टर लेकर सड़क पर उतर आए तथा अदिति की जल्द बरामदगी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने करीब एक घंटे से अधिक समय तक लगातार बारिश के बीच नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करने की मांग की। शाम करीब सात बजे शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां भी लोगों के हौसले को कमजोर नहीं कर सकीं।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि अदिति को लापता हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उसका कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। इससे परिजनों के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों में भी चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि अदिति की तलाश नए सिरे से और अधिक प्रभावी तरीके से शुरू की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद लोग शांत हुए और सड़क से हट गए।
सूचना देने वाले के लिए इनाम बढ़ाकर ढाई लाख रुपये
अदिति की तलाश में जुटी पुलिस ने उसकी सूचना देने वाले के लिए घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर ढाई लाख रुपये कर दी है। अदिति 9 मई से लापता है और पुलिस लगातार उसकी खोजबीन में जुटी हुई है।
अब तक कई स्तरों पर जांच, छानबीन और संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया गया है, लेकिन पुलिस को कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। ऐसे में आम लोगों से सहयोग प्राप्त करने और मामले में महत्वपूर्ण सुराग हासिल करने के उद्देश्य से इनाम की राशि बढ़ाई गई है।
पुलिस अब अदिति की खोज के लिए विज्ञापन और जनसंपर्क के विभिन्न माध्यमों का सहारा ले रही है। अधिकारियों का मानना है कि व्यापक स्तर पर सूचना प्रसारित होने से मामले में अहम सुराग मिल सकते हैं।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अदिति के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

