सरायकेला:ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर,ट्रेलर सड़क पर पलटा,ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल

 

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला खरसावां जिला के हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर सोमवार अहले सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। राजनगर स्थित डीवीसी कार्यालय के पास ट्रक और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजनगर भेजा गया। हादसे में ट्रेलर चालक भी घायल हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब पांच बजे ट्रक चाईबासा की ओर जा रहा था।इसी दौरान डीवीसी के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर से टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए, जबकि ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य में जुट गए। चालक को केबिन से बाहर निकालने में काफी समय और मेहनत लगी।बाद में पुलिस की मदद से घायल चालक को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। ट्रेलर चालक को भी चोटें आई हैं।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंची।इससे लोगों में नाराजगी देखी गई।घायल चालक के दर्द से कराहते रहने के बावजूद एम्बुलेंस के नहीं पहुंचने पर पुलिस वाहन से उसे अस्पताल ले जाया गया। लोगों ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हादसे की स्थिति में समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।लोगों का मानना है कि प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और वाहन नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि सही कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो।

error: Content is protected !!