JPSC में कथित अनियमितताओं के खिलाफ भाजयुमो का प्रदर्शन: जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला मशाल जुलूस,कल JPSC का घेराव

राँची।झारखण्ड लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने मोर्चा खोल दिया है। भाजयुमो की ओर से मंगलवार शाम को राजधानी राँची में एक विशाल मशाल जुलूस और प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही तथा निष्पक्षता सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग उठाई।

​मशाल जुलूस की शुरुआत शाम को जयपाल सिंह स्टेडियम से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन में तब्दील हो गया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने किया।प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने स्पष्ट किया कि भाजयुमो झारखण्ड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा।

​शशांक राज ने झारखण्ड लोक सेवा आयोग पर पारदर्शिता में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने गंभीर सवाल उठाते हुए कहा:

​उत्तरपुस्तिकाएं सार्वजनिक क्यों नहीं?: सूचना का अधिकार (RTI) के तहत जब अभ्यर्थी अपनी उत्तरपुस्तिकाओं की प्रतियां मांगते हैं, तो आयोग उन्हें सार्वजनिक क्यों नहीं करता?

परीक्षा कैलेंडर का अभाव: आयोग वर्षों से नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी नहीं कर रहा है, जिससे राज्य के लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।

​प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो राँची महानगर जिलाध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने कहा कि JPSC से जुड़ी लगातार सामने आ रही धांधलियों और कथित अनियमितताओं ने प्रतियोगी छात्रों का भरोसा पूरी तरह तोड़ दिया है।जिस आयोग पर युवाओं के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी है, वही आज कटघरे में खड़ा है। सरकार और आयोग को युवाओं के हर सवाल का पारदर्शी एवं तथ्यात्मक उत्तर देना ही होगा।

​मशाल जुलूस के बाद भाजयुमो नेताओं ने बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि बुधवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा JPSC कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जहां आयोग के समक्ष युवाओं की मांगों को प्रमुखता से रखा जाएगा।

​इस विरोध प्रदर्शन और मशाल जुलूस में मुख्य रूप से वरुण साहू, केके गुप्ता, सुबोध सिंह गुड्डू, मनीष दुबे, प्रिंस कुमार समेत भाजयुमो के दर्जनों प्रमुख पदाधिकारी और भारी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।

error: Content is protected !!