झारखण्ड विधानसभा घेराव:पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर किया लाठीचार्ज,पूर्व सीएम ने कहा-मुझे भी मारने की कोशिश की गई,लेकिन मेरी सुरक्षा में लगे जवानों ने बचा लिया है

राँची।झारखण्ड में विधानसभा में जैसे ही विधानसभा अध्यक्ष ने नमाज पढ़ने के लिए कमरा आवंटित किया वेसे हो राज्य में ही नहीं देश में भी राजनीति गरमाने लगी है।झारखण्ड विधानसभा का आज सत्र के चौथे दिन सदन अंदर बाहर जमकर बवाल हुआ है।राज्य में मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा ने आज झारखण्ड विधानसभा में नमाज के लिए अलग कमरे के आवंटन और नियोजन नीति को लेकर बुधवार को विधानसभा का घेराव किया।सैकड़ों कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ कर आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर रोकने का प्रयास किया। इसके बाद लाठीचार्ज कर दिया।

इसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के बांह में चोट लगी है।वहीं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा- ‘मुझे भी मारने की कोशिश की गई, लेकिन मेरी सुरक्षा में लगे जवानों ने बचा लिया है। हेमंत सोरेन की सरकार विपक्ष की आवाज को कुचलना चाहती है।सरकार नियोजन नीति, बेरोजगारी, बेकारी पर चर्चा नहीं करना चाहती है। कार्यमंत्रणा समिति में निर्णय के बाद भी सरकार इससे भाग रही है। संविधान इसकी इजाजत नहीं देता है। इसके बावजूद धर्म विशेष के लिए कमरा आवंटित किया गया है। विधानसभा में धर्म विशेष के लिए कमरा आवंटित करना सही नहीं हैं। अगर राज्य को मजहबी राज्य बनाने की कोशिश हुई तो पार्टी इसका विरोध करेगी। आज इसी के विरोध में राज्य भर के लोग विधानसभा घेराव करने पहुंच रहे हैं।’

लाठीचार्ज के बाद पार्टी के बड़े नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा- ‘महिलाओं और निहत्थे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया है। भाजपा सिर्फ नमाज के लिए अलग कमरे के आदेश को वापस लेने की मांग करने जा रही थी। इसके बाद हमला किया गया है। ‘राँची की सड़कों पर हजारों की संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में विधानसभा की तरफ कूच किये।

जुलूस में पार्टी के विधायकों और सांसदों के अलावा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास खुद शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा- ‘पहले ही स्पीकर को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था कि वे अपना फैसला वापस लें। वापस नहीं लेने पर विधानसभा के गेट पर धरना देंगे। बाप-दादा की राजनीति नहीं संघर्ष की राजनीति किया हूं।’

हिंदू विरोध निर्णय ले रही है सरकार: दीपक प्रकाश

भाजपा का आरोप है कि राज्य सरकार हिंदू विरोधी निर्णय ले रही है। पार्टी ने हेमंत सोरेन पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि सरकार के इशारे पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष ने यह अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक निर्णय लिया है। इस निर्णय से अन्य समुदाय के लोग आहत हैं। बुधवार को पूरे प्रदेश के हजारों कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करने पहुँचे हैं।