गिरिडीह:मधुमक्खियों के हमले से दो सगे भाइयों की मौत,चार घायल

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड के निमाडीह पंचायत अन्तर्गत बघजंत में मधुमक्खियों के हमले से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। वहीं,इस घटना में 4 लोग घायल हुए हैं। मृतक बच्चे सगे भाई थे। बताया जा रहा है कि घटना मंगलवार की देर शाम की है। बच्चे बकरियों के लिए पत्ते तोड़ने एक पेड़ पर चढ़े थे। उसी पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता भी था। इसी बीच मधुमक्खियों ने दोनों बच्चों पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने पहुंचे चार लोग भी जख्मी हो गए।मृतकों में बघजंत निवासी नारायण भूला के पुत्र उत्तम भूला 12 वर्ष और गौतम भूला 10 वर्ष शामिल हैं। दोनों ही पास के देवानी जंगल में बकरी चराने गए हुए थे। इसी बीच दोनों पत्ते तोड़ने के लिए एक पेड़ पर चढ़े, जहां मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।बच्चों की चीख पुकार सुन उनकी बुआ मलवा देवी, फूफा अर्जुन भुला और फुफेरी बहन सोनी कुमारी व करिश्मा कुमारी उन्हें बचाने पहुंची। पर मधुमक्खियों ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे वो बुरी तरह से घायल हो गए। किसी तरह वे दोनों बच्चों को लेकर घर पहुंचे, जहां देर रात दोनों की स्थिति गंभीर हो गई। बुधवार की सुबह उनकी मौत हो गई।मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।गांव में दो बच्चे की मौत से मातम छा गया है।