धनबाद में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीन आरोपियों को भेजा जेल

​धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिला अंतर्गत पाथरडीह क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात बुधवार दोपहर करीब एक बजे गौशाला ओपी क्षेत्र के चासनाला पुल के पास स्थित हनुमान मंदिर के निकट हुई, जहां कतरास क्षेत्र के रहने वाले तीन युवकों ने इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया।

घटना के बाद गहरे सदमे में डूबे पीड़ित परिवार की ओर से गुरुवार देर शाम पीड़िता की मां ने गौशाला ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गौशाला ओपी प्रभारी शंभुनाथ सिंह ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम के साथ पाथरडीह स्थित पीड़िता के घर पहुंचकर परिजनों से पूरी जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान यह बात सामने आई कि मुख्य आरोपी 20 वर्षीय जयदेव मल्लिक का पीड़िता के घर आने-जाने वाले रिश्तेदारों से पहले से परिचय था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने कतरास के रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत खेकचाटांड़ में छापेमारी कर मुख्य आरोपी जयदेव मल्लिक,18 वर्षीय मिहिर मल्लिक और एक अन्य नाबालिग आरोपी को दबोच लिया। सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की गई है और न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक हिरासत में धनबाद जेल भेज दिया गया है, जबकि पुलिस मामले से जुड़े अन्य तकनीकी व आवश्यक साक्ष्य जुटाने में लगी है।

error: Content is protected !!