नवोदय में रैगिंग का बवाल: छात्र से कथित मारपीट पर फूटा गुस्सा, स्कूल पहुंच गए सैकड़ों अभिभावक

 

धनबाद।जवाहर नवोदय विद्यालय, बेनागड़िया में 10वीं के छात्र के साथ कथित रैगिंग और बेरहमी से मारपीट का मामला अब सिर्फ एक छात्र तक सीमित नहीं रहा। घटना के विरोध में शुक्रवार को विद्यालय परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि मौके पर पहुंचे बीडीओ और सीओ को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। पुलिस बल की भारी तैनाती के बीच किसी तरह स्थिति पर काबू पाया गया।गुस्साए अभिभावकों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर बीडीओ इंद्रलाल ओहदार और सीओ विक्रम आनंद को करीब दस मिनट तक रोककर रखा। दोनों अधिकारियों के साथ तीखी बहस हुई। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल परिसर की ओर खाली पानी की बोतलें फेंकी, जबकि कुछ लोगों ने पत्थरबाजी की भी कोशिश की। पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर माहौल को और बिगड़ने से बचा लिया।

हॉस्टल से बच्चों को घर ले गए अभिभावक
घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में डर का माहौल है। शुक्रवार को 50 से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को हॉस्टल से घर ले गए। कई अन्य अभिभावक भी बच्चों को वापस ले जाने की तैयारी में दिखे। उनका कहना है कि जब तक सुरक्षा की ठोस व्यवस्था नहीं होगी, बच्चे स्कूल में नहीं रहेंगे।

मोबाइल विवाद से शुरू हुई हिंसा
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात मोबाइल पर पैसे ट्रांसफर करने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद कुछ छात्रों ने 10वीं के छात्र सुमित कुमार दास के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए, बेल्ट से उसकी पिटाई की, गाली-गलौज की और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। इतना ही नहीं, किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।

दो दिन तक दर्द सहता रहा छात्र
पीड़ित छात्र दो दिनों तक चुपचाप दर्द सहता रहा। स्कूल की नर्स से दवा लेकर किसी तरह खुद को संभालता रहा, लेकिन जब तबीयत ज्यादा बिगड़ गई तो उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए, जहां से बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि 520 छात्रों वाले विद्यालय में नियमित वार्डन नहीं हैं और सिर्फ छह गार्ड तीन शिफ्ट में ड्यूटी करते हैं। यानी रात के समय पूरे परिसर की जिम्मेदारी महज दो गार्डों पर रहती है। साथ ही देर रात जनरेटर की समुचित व्यवस्था नहीं होने का भी आरोप लगाया गया।

झाड़ू-लाठी लेकर पहुंचीं महिलाएं
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं झाड़ू और लाठी लेकर विद्यालय परिसर में पहुंच गईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें शांत कराया और बाहर निकाला।

11 सदस्यीय समिति करेगी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने 11 सदस्यीय निगरानी समिति बनाई है। इसमें स्कूल प्रबंधन, स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है। समिति सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रिपोर्ट धनबाद उपायुक्त को सौंपेगी।

बेनागड़िया स्थित नवोदय विद्यालय पहले भी कई घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। अप्रैल 2026 में एक छात्र की तालाब में डूबने से मौत हुई थी, जबकि अगस्त 2023 में भी जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग का मामला सामने आया था। परिसर में छात्रों के नशा करने की शिकायतें भी समय-समय पर उठती रही हैं।

प्राचार्य बोलीं -दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
विद्यालय की प्राचार्य उषा कुजूर ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि मामले की जांच जारी है। जो भी छात्र दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विद्यालय के नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर पीड़ित छात्र के पिता और स्कूल प्रबंधन ने निरसा थाना में अलग-अलग लिखित शिकायत दी है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

error: Content is protected !!