राँची के रातु में रेलवे अधिकारी के बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी, शक के घेरे में घरेलू मेड

–परिवार के चक्रधरपुर जाते ही चोरों ने खंगाली अलमारी; नगदी, सोने-चाँदी के जेवर समेत वाई-फाई और CCTV कैमरा भी उखाड़ ले गए अपराधी..

राँची। राँची के रातु थाना क्षेत्र अंतर्गत उषामातु स्थित एक बंद घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चाँदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया है। पीड़ित नितिन श्रीवास्तव रेलवे विभाग (चक्रधरपुर) में मुख्य कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी शिकायत पर रातु थाने में कांड संख्या-232/26, धारा 331(4)/305(a) BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जाँच महिला पुलिस अवर निरीक्षक प्रियंका कुमारी को सौंपी गई है।

पीड़ित नितिन श्रीवास्तव (निवासी उषामातु, इनदाक्षी भवन, बीएड कॉलेज के सामने) ने पुलिस को बताया कि वह अपने सेवा कार्य के सिलसिले में बीते 28 जून 2026 को पूरे परिवार के साथ चक्रधरपुर गए हुए थे। घर की देखरेख और रखवाली के लिए उन्होंने अपनी घरेलू मेड (कामवाली बाई) को छोड़ रखा था।

3 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:00 बजे मेड ने फोन कर नितिन श्रीवास्तव को सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है और चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही पीड़ित उसी रात करीब 9:30 बजे राँची पहुंचे। जब उन्होंने मेड से इस बाबत पूछताछ की, तो उसने बताया कि वह रात में घर पर मौजूद नहीं थी। पीड़ित के अनुसार, मेड का यह जवाब संतोषजनक नहीं था, जिससे उस पर संदेह की सुई घूम रही है। शातिर चोर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घर में लगा वाई-फाई सेट और सी०सी०टी०वी० कैमरा भी उखाड़ कर अपने साथ ले गए।

चोरी गए सामानों की सूची:

सोने के आभूषण: 3 जोड़ा कान की बाली, 3 सोने की अंगूठी, 1 सोने की चेन।

चाँदी के आभूषण व बर्तन: 3 जोड़ी चाँदी की पायल, 1 चाँदी का कटोरा।

नगदी व अन्य: अलमारी में रखे नगद ₹20,000/- (बीस हजार रुपये) और 2 कीमती कोट।

रातु थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है, जो थाना परिसर से पूर्व-उत्तर दिशा में करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पुलिस अज्ञात चोरों के साथ-साथ घरेलू मेड की भूमिका की भी सघनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और चोरी गए सामानों की बरामदगी की जाएगी।

error: Content is protected !!