राँची में टुक-टुक गैंग का पर्दाफाश,बेंगलुरु से लौटे यात्री को बनाया शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार

–बेंगलुरु से लौटे यात्री को रेलवे स्टेशन छोड़ने के बहाने लूटा, दो टेंपो, लूटा गया सामान और नकदी बरामद; गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्त में

राँची।राजधानी राँची के हटिया रेलवे स्टेशन से राँची रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑटो में बैठना एक यात्री के लिए भारी पड़ गया। रेलवे स्टेशन छोड़ने के बजाय चालक और उसके साथियों ने उसे सुनसान इलाके में ले जाकर लूट लिया। हालांकि राँची पुलिस ने इस वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लूटा गया पूरा सामान बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे बेंगलुरु से वर्धमान एक्सप्रेस से हटिया स्टेशन पहुंचे पीड़ित ने धनबाद जाने के लिए राँची रेलवे स्टेशन जाने हेतु एक टुक-टुक (ऑटो) किराये पर लिया। ऑटो में चालक समेत पहले से दो लोग सवार थे।अपराधियों ने रेलवे स्टेशन ले जाने के बजाय धुर्वा थाना क्षेत्र के यूकलिप्टस बगान के पास सुनसान जगह पर ले जाकर यात्री से मोबाइल, बैग, नकदी और अन्य सामान लूट लिया।

पीड़ित की शिकायत पर धुर्वा थाना में मामला दर्ज किया गया। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के मार्गदर्शन और डीएसपी हटिया नीरज कुमार ओझा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की गई।

तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धीरज कुमार सिंह और मेजर यादव को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर इस वारदात में शामिल एक विधि विरुद्ध बालक को भी पकड़ा गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दो टोटो (हरा और पीला रंग), लूटा गया मोबाइल, बैग, प्रिंटर और 5 हजार रुपये नकद भी बरामद कर लिए।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अलग-अलग वाहनों का इस्तेमाल कर पहले भी इसी तरह की कई लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। इसके आधार पर धुर्वा थाना में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरोह की अन्य वारदातों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।

पुलिस का मानना है कि यह गिरोह स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों को निशाना बनाकर ऑटो में बैठाने के बाद सुनसान जगह ले जाकर लूटपाट करता था। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

error: Content is protected !!