NGT की रोक धता बताकर बालू तस्करी…तमाड़ में पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 हाइवा जब्त, 3 के नंबर भी मिटाए गए

–डीएसपी के नेतृत्व में तड़के छापेमारी,पुलिस देखते ही चालक फरार;बालू के स्रोत से लेकर मालिकों तक की जांच तेज
राँची।नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की रोक के बावजूद बालू माफिया अवैध बालू का परिवहन कर रहा था।वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर शनिवार सुबह तमाड़ थाना पुलिस ने डीएसपी के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बालू से लदे चार हाइवा जब्त कर लिए। पुलिस की घेराबंदी देखते ही सभी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने बताया कि पुलिस को तड़के गुप्त सूचना मिली थी कि सरजमडीह से भुइयांडीह की ओर अवैध बालू से लदे हाइवा गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही संभावित मार्ग पर घेराबंदी की गई। कुछ ही देर में चार हाइवा वहां पहुंचे, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक गाड़ियां छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने चारों वाहनों को जब्त कर तमाड़ थाना पहुंचा दिया।
कार्रवाई के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। जब्त किए गए चार में से तीन हाइवा के रजिस्ट्रेशन नंबर मिटे हुए मिले, जिससे अवैध कारोबार को छिपाने की साजिश की आशंका और गहरा गई। केवल एक वाहन पर ही नंबर स्पष्ट रूप से अंकित था। अब पुलिस वाहनों की वास्तविक पहचान, मालिकों और दस्तावेजों की गहन जांच में जुट गई है।
पुलिस यह भी पता लगा रही हैं कि अवैध बालू कहां से लोड किया गया था, किसके इशारे पर परिवहन हो रहा था और इसकी अंतिम डिलीवरी कहां होनी थी। पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
वही,बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में अवैध बालू से लदे चार हाइवा जब्त किए गए हैं। पुलिस को देखते ही सभी चालक फरार हो गए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और बालू तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल चारों जब्त हाइवा तमाड़ थाना परिसर में खड़े हैं। फरार चालकों की तलाश के साथ-साथ वाहन मालिकों, अवैध बालू के स्रोत और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

