तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ली युवक की जान: बाइक के हुए दो टुकड़े, चालक गाड़ी छोड़कर फरार

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित पुनसिया गांव के पास शनिवार को गोड्डा-हंसडीहा फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक के दो टुकड़े हो गए और उसके हिस्से करीब 200 फीट दूर तक जा गिरे। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान पुनसिया गांव निवासी राजन कुमार (पिता- हरिमोहन मंडल) के रूप में हुई है। हरिमोहन मंडल गांव के प्रधान हैं। बताया जा रहा है कि राजन कुमार अपनी पल्सर बाइक से राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बन रहे अपने नए घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोड्डा की ओर से आ रही काले रंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
राजन कुमार की शादी करीब एक वर्ष पहले कुरमन गांव में हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने गोड्डा-हंसडीहा फोरलेन को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी दिनेश महली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

