अब अपराधियों पर डिजिटल शिकंजा: रामगढ़ पुलिस का ‘स्मार्ट वार’, 1,971 बदमाशों की ऑनलाइन कुंडली तैयार

 

रामगढ़।अपराध पर लगाम कसने के लिए रामगढ़ पुलिस ने तकनीक का सहारा लेते हुए बड़ी पहल की है। एसपी मुकेश लुनायत के निर्देश पर जिले में 36 सदस्यीय ‘क्राइम प्रिवेंटिंग एंड डिटेक्टिंग विंग’ का गठन किया गया है। इसके साथ ही चार्जशीटेड अपराधियों की डिजिटल प्रोफाइलिंग और लगातार निगरानी के लिए विशेष डिजिटल क्रिमिनल मॉनिटरिंग पोर्टल तैयार किया गया है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य सक्रिय अपराधियों पर पैनी नजर रखना, अपराधों का तेजी से खुलासा करना और थाना स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

1,971 अपराधियों की डिजिटल कुंडली तैयार

रामगढ़ पुलिस ने 1 जनवरी 2021 से 31 मार्च 2026 के बीच हत्या, रंगदारी, डकैती, लूट, अवैध हथियार, मादक पदार्थ, वाहन चोरी, गृहभेदन, चोरी और अन्य मामलों में चार्जशीटेड 1,971 अपराधियों का विस्तृत डेटा तैयार किया है। इस सूची के आधार पर प्रत्येक अपराधी की गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी।


दोहरी जांच के बाद पोर्टल पर होगी प्रोफाइलिंग

नई व्यवस्था के तहत पहले संबंधित थाना अपराधी का भौतिक सत्यापन करेगा। यदि अपराधी किसी दूसरे थाना क्षेत्र में रह रहा है तो वहां की पुलिस भी उसका अलग से सत्यापन करेगी। इस डबल फिजिकल वेरिफिकेशन के बाद अपराधी की पूरी डिजिटल प्रोफाइल पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, जिसमें उसका आपराधिक इतिहास, वर्तमान पता, अपराध करने का तरीका और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज रहेंगी।

जमानत पर बाहर आए अपराधियों पर रहेगी विशेष नजर

डिजिटल पोर्टल के जरिए जेल से जमानत पर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों के बीच सूचना साझा करना आसान होगा, जिससे अपराध की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी।

हर 15 दिन होगी समीक्षा

नई गठित 36 सदस्यीय विंग में एसडीपीओ, डीएसपी मुख्यालय, सभी इंस्पेक्टर, थाना व ओपी प्रभारी तथा नामित नोडल अधिकारी शामिल किए गए हैं। यह टीम एसपी के सीधे पर्यवेक्षण में काम करेगी और इसकी प्रगति की समीक्षा हर 15 दिन पर की जाएगी।

सख्त कार्रवाई के निर्देश

एसपी ने अधिकारियों को सूचीबद्ध अपराधियों के खिलाफ डोजियर तैयार करने, निगरानी प्रस्ताव भेजने, सीसीए की कार्रवाई शुरू करने और जरूरत पड़ने पर जमानत निरस्तीकरण की प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए हैं।

जनता से सहयोग की अपील

रामगढ़ पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अपराध या अपराधियों से जुड़ी किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

error: Content is protected !!