नहाते वक्त पड़ोसी ने बनाया अश्लील वीडियो, फिर अस्मत और पैसे दोनों लूटे; अब सलाखों के पीछे ‘ब्लैकमेलर’

दुमका।झारखण्ड के दुमका से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों और पड़ोस के भरोसे को तार-तार कर दिया है। एक पड़ोसी ने पहले तो छुपकर महिला का नहाते हुए अश्लील वीडियो बनाया, और फिर उस वीडियो की आड़ में जो घिनौना खेल खेला, उसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाएगी।ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और फिर हवस का शिकार बनाने वाले इस 32 वर्षीय शातिर आरोपी को दुमका नगर थाना पुलिस ने दबोचकर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
दुमका नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित महिला और आरोपी का घर बिल्कुल सटा हुआ है। आरोपी की छत से महिला का आंगन और बाथरूम साफ नजर आता था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने छुपकर महिला का नहाते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का वो खौफनाक दौर जिसने महिला की जिंदगी को नर्क बना दिया। आरोपी ने वह वीडियो महिला के ही मोबाइल पर भेजकर उसे वायरल करने की धमकी दी। बदनामी के डर से सहमी महिला को आरोपी वीडियो कॉल कर कपड़े उतारने और शरीर दिखाने के लिए मजबूर करता था। इतना ही नहीं, वीडियो डिलीट करने के नाम पर आरोपी महिला से लगातार मोटी रकम भी ऐंठता रहा।
दरिंदगी की हद तो तब पार हो गई जब बीती 21 जून को महिला का परिवार एक समारोह में शामिल होने गिरिडीह गया हुआ था। घर को अकेला पाकर आरोपी ने नया जाल बुना। उसने महिला को झांसा दिया कि वह 30 हजार रुपये लेकर आए, तो वह सारे वीडियो हमेशा के लिए डिलीट कर देगा। महिला अपने परिवार को टूटने से बचाने के लिए 30 हजार रुपये लेकर शहर के लाल पोखरा पहुंची। वहां से आरोपी उसे अपनी स्कूटी पर बैठाकर एक नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर के सूने कमरे में ले गया और चाबी मंगवाकर कमरे के अंदर उसकी अस्मत लूट ली। हद तो तब हो गई जब दुष्कर्म करने के बाद आरोपी ने महिला को फिर से धमकाया कि उसने इस घिनौनी करतूत का भी वीडियो बना लिया है, और मुंह खोलने पर जिंदगी बर्बाद करने की चेतावनी दी।
लेकिन आरोपी की हवस और लालच की भूख मिटने का नाम नहीं ले रही थी। गत 27 जून को जब महिला के पति दोबारा बाहर जाने वाले थे, तो आरोपी को इसकी भनक लग गई और उसने फिर से महिला पर मिलने का दबाव बनाया। इस बार महिला का सब्र का बांध टूट गया। उसने हिम्मत जुटाई और अपने पति को पूरी आपबीती सुना दी। इसके बाद पति के साथ नगर थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
इस पूरे मामले पर केस के अनुसंधानकर्ता नगर थाना के सब-इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर तुरंत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 32 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है। पीड़िता का मेडिकल चेकअप करा लिया गया है और इस घिनौने कांड की गहन जांच जारी है।

