Ranchi:रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना,पिता पर अपनी ही नाबालिग सौतेली बेटी के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है।

राँची।राजधानी राँची में रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है।एक पिता पर अपनी ही नाबालिग सौतेली बेटी के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर नाबालिग बेटी की माँ ने गोंदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें मर्यादा को भंग करने,जोर जबरदस्ती करने,दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप पीड़ित महिला ने अपने पति पर लगाया है। थाना में महिला ने अपने आवेदन में बताया है कि आरोपी पति अक्सर अपनी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ करता है और सौतेली बेटी से कहता था कि माँ से कहोगी तो नानी के घर भेज देंगे। महिला के अनुसार आरोपी पति करीब डेढ़ साल से बेटी के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। इसकी शिकायत जब महिला ने अपने ससुर से की और पुलिस को जानकारी देने की बात कही तो जेठानी बेटी का टेस्ट कराने की बात कहने लगी। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।

2019 में महिला ने की थी दूसरी शादी

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला के पति ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद फरवरी 2019 में महिला ने दूसरी शादी की थी। मैरेज ब्यूरो के माध्यम से दोनों की शादी हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति और उसकी भाभी दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगी। पीड़ित महिला ने अपने जेठानी पर पति को भड़काने का आरोप लगाया है। इस वजह से पति पत्नी में अक्सर मारपीट होती थी। साथ ही पिता बेटी के साथ छेड़छाड़ करता था।

वहीं बीते 9 दिसंबर को पीड़ित महिला ने पति को बेटी से दूर रहने के लिए कहा। इस पर पति भड़क गया और मारपीट करने लगा। इसके बाद महिला ने मामले की सूचना 100 नंबर डायल कर पुलिस को दी। पुलिस आने की सूचना पर आरोपी पति मौके से फरार हो गया। इसके बाद फोन कर पति ने कहा कि बेटी को जितना करीब करेगी, उतना खुशी से रह पाएगी। महिला ने अपने पति पर करीब 16 लाख रुपये दहेज के नाम पर लेने का आरोप लगाया है। साथ ही पीड़ित महिला के नाम पर बैंक से लोन लेकर गाड़ी लेने का भी आरोप लगाया है।वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।