राँची में शादी की नीयत से नाबालिग का अपहरण, आरोपी क्रिश वर्णवाल के खिलाफ FIR दर्ज

–हेहल के लक्ष्मी नगर की घटना; डेढ़ साल से पीछा कर परेशान कर रहा था मनचला, पीड़िता के पिता ने सुखदेवनगर थाने में दर्ज कराया मामला

राँची।राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मी नगर से एक नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से जबरन अगवा करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता के लिखित शिकायत पर पुलिस ने सुखदेवनगर थाना में केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित पिता द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 28 जून 2026 की दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच की है। उस वक्त नाबालिग लड़की के पिता घर पर नहीं थे, सिर्फ उसकी मां और वह घर में मौजूद थीं। इसी का फायदा उठाकर आरोपी क्रिश वर्णवाल उर्फ कृषिश वर्णवाल उनके घर में घुस गया। उसने नाबालिग को नाम लेकर पुकारा और जबरन उसे अपने साथ निकाल कर ले गया। मां ने जब इसकी सूचना फोन पर पिता को दी, तो उन्होंने तुरंत घर पहुंचकर बेटी की खोजबीन शुरू की।

बेटी की सहेलियों और पड़ोसियों से पूछताछ के दौरान इस बात का खुलासा हुआ कि आरोपी क्रिश वर्णवाल पिछले करीब डेढ़ साल से लड़की का पीछा कर रहा था। वह जहाँ भी जाती, आरोपी उसे परेशान करता था। पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी अक्सर घर के आस-पास मंडराता रहता था और अश्लील इशारे करता था।

सहेलियों के मुताबिक, आरोपी ने कई बार नाबालिग को शादी के लिए प्रपोज किया था और दबाव बना रहा था। लड़की द्वारा साफ इनकार करने के बाद भी उसकी प्रताड़ना जारी रही, जिससे डरकर नाबालिग ने घर से बाहर निकलना तक बंद कर दिया था और गुमसुम रहने लगी थी।

परिजनों को पूरा अंदेशा है कि क्रिश वर्णवाल ने ही शादी की मंशा से उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री का अपहरण किया है। पिता ने आवेदन के साथ बेटी का मैट्रिक सर्टिफिकेट, तस्वीर और अन्य आवश्यक दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी और नाबालिग लड़की की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!