राँची के हिन्दपीढ़ी में बच्चों के विवाद में खूनी संघर्ष: महिला पर पड़ोसियों का हमला, आँख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त

–4 महिलाओं ने हरवे-हथियार से लैस होकर किया अचानक हमला; इलाज में व्यस्त रहने के कारण पीड़िता ने 3 दिन बाद थाने में केस दर्ज

राँची।राजधानी राँची के हिन्दपीढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नसरुद्दीन कॉलोनी में बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प का मामला प्रकाश में आया है। पड़ोसियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले में एक 26 वर्षीय महिला की आँख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे उन्हें दिखने में भारी परेशानी हो रही है। पीड़िता आशिया परवीन ने हिन्दपीढ़ी थाने में आवेदन देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पीड़िता आशिया परवीन (पति- छोटकू खान, निवासी नसरुद्दीन कॉलोनी, गली नंबर-02, उस्मानिया मस्जिद के पास) द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 1 जुलाई की शाम करीब 7:00 बजे की है। उस वक्त बच्चों की किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी बीच बगल में ही रहने वाले पड़ोसी अचानक हरवे-हथियार से लैस होकर आए और आशिया परवीन पर हमला बोल दिया।

पीड़िता ने अपने आवेदन में चार महिला पड़ोसियों को नामजद आरोपी बनाया है, जिन्होंने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। इनमें अखतरी खातून (पति- अलम अंसारी), सहानी (पति- तोसीफ), काजल (पति- अज्ञात), व छोटी (पति- सोहेल) शामिल है।

आशिया परवीन का आरोप है कि इन सभी लोगों ने मिलकर उनके साथ जमकर गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान उनके चेहरे और आँख के ठीक नीचे गंभीर वार किया गया, जिससे उनकी आँख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उन्हें दिखाई देना बंद हो गया है।

घटना के बाद पीड़िता लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचीं, जहाँ उनका इलाज चल रहा था। पीड़िता ने बताया कि आँख की गंभीर स्थिति और इलाज में व्यस्त रहने के कारण वह तुरंत पुलिस के पास नहीं पहुंच सकीं। स्थिति में थोड़ा सुधार होने पर उन्होंने 4 जुलाई को हिन्दपीढ़ी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी।

error: Content is protected !!