भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान ने सांसद ढुलू महतो से मांगी रंगदारी, एसएसपी और गृह मंत्री से शिकायत

​धनबाद।झारखण्ड के धनबाद में कोयले की आंच तो हमेशा रहती है, लेकिन इस बार राजनीतिक और आपराधिक गलियारों की गर्मी चरम पर है। भाजपा के सांसद ढुलू महतो को भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान ने सीधे तौर पर धमकी दी है। शनिवार को धनबाद सर्किट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खुद सांसद ने इस बात का खुलासा किया। धमकी कोई दबी-छिपी नहीं, बल्कि सीधे विदेशी नंबर से और बेहद बेखौफ अंदाज में आई है।सांसद को भेजे गए मैसेज में साफ लिखा था, “सुन ले रे ढुलू महतो, मैं प्रिंस खान दुबई से बोल रहा हूं। हमको भी पैसा चाहिए, नहीं तो दोबारा कॉल-मैसेज नहीं करेंगे। 24 घंटे में रिजल्ट देंगे। और सुना, कोयला का काम कैसा चल रहा है।”

​सांसद के अनुसार,सांसद ढुलू महतो को 1 जुलाई को पहला बड़ा धमकी भरा कॉल और मैसेज मिला था, जब वह दिल्ली जा रहे थे। इसके बाद शुक्रवार शाम को एक बार फिर विदेशी नंबर से उनके फोन की घंटी बजी। लगातार मिल रही धमकियों के बाद शनिवार को सांसद ने प्रेस वार्ता बुलाई और मामले को सार्वजनिक किया। उन्होंने इस संबंध में धनबाद एसएसपी और केंद्रीय गृह मंत्री को लिखित शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

​प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद ढुलू महतो ने इस पूरे मामले पर सूबे की सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब सांसद और विधायक जैसे जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा? उन्होंने राज्य सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर राज्य सरकार थोड़ी भी मुस्तैदी दिखाए, तो केंद्र सरकार पूरा सहयोग करेगी और इस अपराधी को दुनिया के किसी भी कोने से घसीटकर भारत लाया जाएगा। धनबाद को अपराध मुक्त बनाना उनकी पहली प्राथमिकता है और वह अपराधियों के आगे झुकने वाले नहीं हैं।

​धमकी के साथ-साथ सांसद ने अपने विरोधियों को भी कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिर्फ उनके नाम पर अपनी राजनीति चमका रहे हैं। ढुलू महतो ने विकास कार्यों का हिसाब मांगते हुए विपक्ष को घेरा और कहा कि गयापुल-मटकुरिया, गोविंदपुर और निरसा फ्लाईओवर जैसी बड़ी परियोजनाओं का जो लोग श्रेय ले रहे हैं, वो पहले यह बताएं कि उनका इसमें योगदान क्या है? उन्होंने साफ किया कि धनबाद में एयरपोर्ट, पुल-पुलिया और फ्लाईओवर जैसे असल मुद्दों पर बात होनी चाहिए, न कि फालतू की बयानबाजी पर।

​सांसद ने कड़े शब्दों में दोहराया कि चाहे कितनी भी धमकियां मिलें, धनबाद का विकास कार्य किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा। अब देखना यह है कि धनबाद पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां इस ‘दुबई वाले’ थ्रेट पर क्या एक्शन लेती हैं।

error: Content is protected !!