देवघर में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई: मोहनपुर प्रखंड के बलथर पंचायत के मुखिया के ठिकानों पर छापेमारी…

 

देवघर।जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत बलथर पंचायत में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आयकर विभाग की टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूर्व मुखिया सुरेंद्र यादव के आवास पर जांच के लिए पहुंची। सुरेंद्र यादव की भाभी वर्तमान में बलथर पंचायत की निर्वाचित मुखिया हैं। कार्रवाई की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके के आसपास जुटने लगे। जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम ने मोहनपुर स्थित मुखिया के आवास के साथ-साथ बलथर एवं कुण्डा थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर स्थित उनके घर पर भी एक साथ दबिश दी।बताया गया कि इस संयुक्त कार्रवाई में पटना, धनबाद और देवघर से पहुंची आयकर विभाग की टीम शामिल रही। तीनों स्थानों पर एक साथ शुरू हुई छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच की। कार्रवाई के दौरान संबंधित परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आयकर विभाग के अधिकारी सुबह ही सुरक्षा बल के साथ बलथर स्थित आवास पहुंचे। जांच शुरू होते ही आवास के सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई तथा जांच पूरी होने तक बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। स्थानीय पुलिस भी पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रही।

सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम ने आवास के साथ-साथ घरेलू कार्यालय की भी बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान अलमारियों, फाइलों, बैंक संबंधी दस्तावेजों, जमीन-जायदाद के कागजात, डिजिटल उपकरणों (मोबाइल, लैपटॉप) और अन्य रिकॉर्ड की जांच की गई। अधिकारियों ने कथित तौर पर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बलथर पंचायत में विकास योजनाओं और सरकारी फंड के उपयोग में कथित वित्तीय अनियमितता की शिकायतें लंबे समय से विभिन्न स्तरों पर पहुंच रही थीं। इन्हीं शिकायतों और प्राप्त इनपुट के आधार पर आयकर विभाग ने यह कार्रवाई शुरू की है। हालांकि अब तक विभाग ने आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि जांच का दायरा क्या है और किन मामलों की पड़ताल की जा रही है।

सूत्रों का दावा है कि जांच के दौरान मिले दस्तावेजों से सरकारी धन के कथित दुरुपयोग, वित्तीय लेन-देन और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा सकती है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। अधिकारी दस्तावेजों का मिलान करने और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच में जुटे हुए हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जांच के दौरान कितनी नकदी, दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई है। जांच पूरी होने और आयकर विभाग की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।वहीं गांव में छापेमारी से इलाके में हड़कम्प मच गया है।

 

error: Content is protected !!