5 पुड़िया रजनीगंधा-तुलसी था रिश्वत का कोड वर्ड, 8 हजार रुपये लेते ही ACB ने दबोचा; रिटायरमेंट से पहले प्रधान सहायक गिरफ्तार

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड कार्यालय में रिश्वत मांगने का एक अनोखा तरीका सामने आया है। यहां कथित तौर पर “5 पुड़िया रजनीगंधा-तुलसी” रिश्वत मांगने का कोड वर्ड बन गया था। आखिरकार इसी कोड वर्ड के जरिए चल रहे खेल का पर्दाफाश हुआ और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को प्रधान सहायक मो. गुलाम रसूल को 8 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी की टीम ने कार्रवाई के बाद आरोपी को अपने साथ धनबाद ले गई। इसके अलावा प्रखंड परिसर स्थित उनके सरकारी आवास की भी तलाशी ली गई, जहां से संबंधित योजना की फाइलें, संचिका और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए।

 

शिकायतकर्ता प्रेमजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने ओरदाना पंचायत स्थित प्लस-टू हाई स्कूल में 15वें वित्त आयोग की राशि से 2.45 लाख रूपए की लागत से शौचालय का निर्माण कराया था। योजना की 1.40 लाख रूपये की राशि पहले ही मिल चुकी थी, लेकिन शेष भुगतान के लिए पिछले तीन महीनों से उन्हें लगातार प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।आरोप है कि बकाया राशि का विपत्र पास करने के एवज में प्रधान सहायक रिश्वत मांग रहे थे।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, जब भी वह कार्यालय पहुंचते,मो. गुलाम रसूल उनसे कहते थे, “5 पुड़िया रजनीगंधा-तुलसी लेकर आइए।” बाद में स्पष्ट हुआ कि यह कथित तौर पर रिश्वत मांगने का कोड वर्ड था।इसके बाद प्रेमजीत सिंह ने एसीबी से शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। गुरुवार को शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार प्रखंड कार्यालय पहुंचे। आरोपी ने पूछा,पैसा लाए हैं ? इसके बाद दोनों कार्यालय परिसर स्थित एक चाय दुकान पर गए। जैसे ही शिकायतकर्ता ने ACB द्वारा उपलब्ध कराए गए 8 हजार रुपये आरोपी को दिए, पहले से सादे लिबास में मौजूद ACB टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, मो. गुलाम रसूल पहले रामगढ़ के गोला प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित थे। बाद में उनका तबादला बोकारो हुआ, जहां वे उर्दू अनुवादक के साथ प्रधान सहायक का प्रभार संभाल रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी सेवानिवृत्ति में अब कुछ ही समय बाकी था, लेकिन उससे पहले ही एसीबी की कार्रवाई ने उन्हें कानून के शिकंजे में पहुंचा दिया।

error: Content is protected !!