झारखण्ड में पहली बार दागियों की सामूहिक परेड: धनबाद पुलिस लाइन में लगी हाजिरी, अपराधियों ने हाथ उठाकर लिया सुधरने का संकल्प…

धनबाद। झारखण्ड में अपराध और अपराधियों के खिलाफ धनबाद पुलिस ने एक ऐसी ऐतिहासिक और सख्त कार्रवाई की है, जिसने पूरे राज्य के आपराधिक तत्वों में हड़कंप मचा दिया है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के चिन्हित अपराधियों को एक साथ पुलिस लाइन बुलाकर न सिर्फ उनकी सामूहिक परेड कराई गई, बल्कि उन्हें सुधरने की अंतिम चेतावनी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में संदेश दिया— “अपराध छोड़ो, नहीं तो जेल ही अगला ठिकाना होगा।”
पुलिस लाइन में लगी ‘दागियों की क्लास’ और हुआ सत्यापन
गुरुवार सुबह से ही धनबाद के कोने-कोने से चिन्हित दागियों को पुलिस लाइन में इकट्ठा किया गया। वहां एक-एक अपराधी की हाजिरी लगाई गई और उनकी पहचान का भौतिक सत्यापन हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अपराधियों के वर्तमान रहन-सहन, आय के स्रोत, व्यवसाय और उनकी हर गतिविधि की गहन समीक्षा की। जिन अपराधियों का पुराना रिकॉर्ड गंभीर रहा है, उन्हें विशेष निगरानी सूची में डाल दिया गया है और संबंधित थाना प्रभारियों को उन पर २४ घंटे पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
लग्जरी गाड़ियों से पहुंचे ‘रसूखदार’ दागी, पुलिस के सामने उतरी हेकड़ी
इस परेड की सबसे खास और दिलचस्प बात यह रही कि कई रसूखदार दागी अपराधी थार, फॉर्च्यूनर, स्कॉर्पियो और एक्सयूवी700 जैसी महंगी और लग्जरी एसयूवी गाड़ियों में सवार होकर रौब झाड़ने पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही वे पुलिस लाइन के मैदान में पहुंचे, पुलिस की कड़क और सख्त तेवरों के सामने उनकी सारी हेकड़ी धरी की धरी रह गई। खाकी का खौफ ऐसा था कि महंगी गाड़ियों से उतरने वाले इन अपराधियों के चेहरों पर साफ तौर पर तनाव और हवाइयां उड़ती देखी गईं।
“मैं कानून व्यवस्था बनाए रखूंगा…” अपराधियों को दिलाया गया कड़ा संकल्प
इस पूरे अभियान का सबसे दमदार और अचंभित कर देने वाला नजारा तब देखने को मिला जब मैदान में खड़े सैकड़ों अपराधियों को पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ उठाकर संकल्प लेना पड़ा। एक पुलिस अधिकारी माइक पर संकल्प की पंक्तियाँ दोहराया और सामने कतार में खड़े सभी दागी अपराधी अपना हाथ ऊपर उठाकर उनके पीछे-पीछे शपथ लिया।पुलिस ने करीब 700 दागियों को परेड कराया है।
दागियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लेते हुए कहा:
“मैं… कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराध नियंत्रण में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करूँगा। मैं एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने परिवार, अपने समाज और राष्ट्र के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए सदैव कार्य करूँगा। जय हिंद, जय भारत।”
अपराधियों में कानून का भय पैदा करने की नई रणनीति
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अब जिले में रंगदारी,लूट, हत्या, जमीन कब्जा, अवैध वसूली या हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह सुधरने का आखिरी मौका है। अगर इस चेतावनी के बाद भी कोई दोबारा अपराध की दुनिया में कदम रखता है, तो उसके खिलाफ बिना किसी नरमी के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसकी अगली जगह सीधे जेल की सलाखें होंगी।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करने और जिले की शांति-व्यवस्था मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।मौके पर एसएसपी के अलावे सिटी एसपी,ग्रामीण एसपी,लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी सहित शहर के सभी डीएसपी और थानेदार मौजूद थे।

