गुमला:व्यवसायी से लूटपाट की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा एक लुटेरा, पीट-पीटकर किया अधमरा,तीन फरार

गुमला।जिले के पालकोट थाना क्षेत्र के तिलैडीह गांव में बुधवार की देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चार बेखौफ अपराधी एक बड़े व्यवसायी को लूटने के इरादे से उसके ठिकाने पर आ धमके। अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए सीधे गोली चला दी, लेकिन उनकी यह दुस्साहसिक कोशिश खुद उन्हीं पर भारी पड़ गई। ग्रामीणों की जांबाजी के आगे अपराधी पस्त हो गए और लोगों ने एक बदमाश को रंगे हाथों दबोचकर कानून के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, तिलैडीह गांव के व्यवसायी सुरेंद्र गोप बुधवार की देर शाम अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान दोपहिया वाहन पर सवार होकर चार हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने लूटपाट की नीयत से सीधे फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी। गोली की गूंज सुनते ही आस-पास के ग्रामीणों का खून खौल उठा। ग्रामीणों ने बिना अपनी जान की परवाह किए सूझबूझ दिखाई और चारों तरफ से अपराधियों की घेराबंदी कर दी।
खुद को घिरता देख तीन अपराधी तो अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले, लेकिन एक अपराधी ग्रामीणों के चक्रव्यूह में फंस गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पकड़े गए अपराधी की मौके पर ही जमकर धुनाई कर दी। लात-घूंसों और डंडों की बरसात से अपराधी लहूलुहान होकर वहीं ढेर हो गया। घटना की भनक लगते ही पालकोट थाना के एसआई विश्वजीत चेतन और एएसआई सचिन टोप्पो भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के चंगुल से अपराधी को छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया।
पुलिस की देखरेख में घायल अपराधी को तुरंत पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, बेहोश होने से ठीक पहले अपराधी ने अपना नाम अंकित सिंह, पिता रामविलास सिंह, निवासी अलकंकेरा बताया और फिर वह अचेत हो गया। फिलहाल पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। इधर, इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है। फरार हुए बाकी के तीन अपराधियों को पाताल से भी ढूंढ निकालने के लिए पुलिस इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

