राँची में आधी रात पुलिस का बड़ा एक्शन: शहर से गांव तक हाई अलर्ट, हर गाड़ी की हुई जांच, अपराधियों में मचा हड़कंप…

राँची। राजधानी राँची में अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने बुधवार देर रात बड़ा ऑपरेशन चलाया। सीनियर एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पूरे जिले में एक साथ व्यापक एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया गया। शहर के एंट्री पॉइंट्स से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस की कड़ी निगरानी रही और देर रात तक सघन जांच अभियान चलता रहा।


अचानक शुरू हुए इस अभियान में शहर के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों और चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की, दस्तावेज और संदिग्ध सामान की जांच की। वहीं देर रात बेवजह घूम रहे लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान भी सत्यापित की गई।

एसएसपी की दो टूक चेतावनी:
सीनियर एसएसपी राकेश रंजन ने साफ कहा कि देर रात सड़कों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह अड्डेबाजी करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनका कहना है कि ऐसी जगहों पर नशाखोरी, अवैध गतिविधियां और आपराधिक साजिशें पनपती हैं, इसलिए पुलिस इन ठिकानों को पूरी तरह खत्म करने के अभियान में जुटी है।

जनता से सहयोग की अपील;
एसएसपी ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं संदिग्ध गतिविधियां या अड्डेबाजी हो रही हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अब रोज चलेगा स्पेशल ड्राइव:
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह सिर्फ एक दिन की कार्रवाई नहीं है। जिले के सभी थाना प्रभारियों को रोजाना रात में विशेष गश्त और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप का माहौल है, जबकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

error: Content is protected !!