साहिबगंज में बेखौफ बदमाशों का तांडव, घर के पास खड़े युवक की गोली मारकर हत्या..

​साहिबगंज। नगर थाना क्षेत्र के बंगाली टोला स्थित तिलकधारी कुआं के समीप बुधवार की देर शाम अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। घात लगाए अपराधियों ने घर के पास खड़े एक 20 वर्षीय युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली युवक के बाएं सीने में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी सुनील कुमार दास के पुत्र आदर्श उर्फ पुक्कू के रूप में की गई है।

​घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमित गुप्ता पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए घायल युवक को अपने सरकारी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया, लेकिन जख्म इतना गहरा था कि इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। जांच के बाद डॉक्टर मुकेश कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया।

​जैसे ही इस बात की खबर मृतक के परिजनों को मिली, कोहराम मच गया। पिता सुनील कुमार दास और अन्य परिजन रोते-बिलखते सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों के करुण क्रंदन से अस्पताल परिसर का पूरा माहौल गमगीन हो गया और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया।

​इधर, वारदात के बाद पुलिस रेस हो गई है। पुलिस की एक टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। मामले पर नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने बताया कि पुलिस इस हत्याकांड की हर पहलू से बेहद गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा।

error: Content is protected !!