देवघर डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा: प्रेमी फोन पर देता रहा निर्देश, बहू ने कुल्हाड़ी से ली सास और देवर की जान…

देवघर। झारखण्ड के देवघर जिले में सामने आए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के उपर नवाडीह गांव में सास और नाबालिग देवर की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए ऐसी कहानी सामने रखी है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि घर की बड़ी बहू ही निकली, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और उसे अंजाम दिया।
देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी शबाना खातून (19) और उसके कथित प्रेमी इरशाद अंसारी (19) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, हथौड़ा और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं। मामले में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए हैं, जो जांच में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
तीन महीने पहले हुई थी शादी, लेकिन खत्म नहीं हुआ प्रेम संबंध
पुलिस जांच के अनुसार, शबाना खातून की शादी करीब तीन महीने पहले उपर नवाडीह निवासी शाहिल अहमद से हुई थी। शादी के बाद उसका पति रोज़गार के सिलसिले में बाहर रहने लगा। इसी दौरान शादी से पहले से चल रहा उसका कथित प्रेम संबंध पालाजोरी थाना क्षेत्र के पारो गांव निवासी रिश्तेदार इरशाद अंसारी से जारी रहा।
रिश्तेदार होने के कारण इरशाद का शबाना के ससुराल में आना-जाना बना रहता था। इसी दौरान दोनों लगातार संपर्क में रहे। पुलिस का कहना है कि सास और देवर को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी और वे इसका विरोध कर रहे थे। जांच में सामने आया कि इसी वजह से दोनों आरोपियों ने उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
मोबाइल पर लाइव था प्रेमी, देता रहा हत्या के निर्देश
पुलिस जांच का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि वारदात की रात कथित प्रेमी इरशाद अंसारी मौके पर नहीं था, लेकिन वह मोबाइल फोन के जरिए लगातार शबाना के संपर्क में था।एसडीपीओ के मुताबिक, घटना की रात शबाना जब घर के अंदर वारदात को अंजाम दे रही थी, उसी समय इरशाद फोन पर उसे निर्देश देता रहा कि कब और कैसे हमला करना है। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस कथित साजिश की कड़ियां जोड़ीं। तकनीकी जांच के बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें कई अहम तथ्य सामने आए।
कुल्हाड़ी और हथौड़े से किया गया हमला
पुलिस के अनुसार, शबाना ने घर में मौजूद कुल्हाड़ी और हथौड़े से अपनी सास और देवर पर ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद घटना को सामान्य अपराध दिखाने की कोशिश भी की गई, लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में कई संदिग्ध परिस्थितियां सामने आने लगीं।घटनास्थल से खून के नमूने, हथियार, आरोपियों के कपड़े और अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त कर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजे गए हैं।
24 घंटे में खुली गुत्थी
घटना की गंभीरता को देखते हुए देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इन सभी तथ्यों को जोड़ने के बाद पुलिस सीधे आरोपियों तक पहुंच गई और महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
सोनारायठाड़ी थाना में कांड संख्या 33/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 238 (साक्ष्य से संबंधित अपराध) और 3(5) (साझा आपराधिक मंशा/सामूहिक दायित्व) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपपत्र को और मजबूत बनाया जाएगा।
जांच अभी जारी, अन्य पहलुओं की भी पड़ताल
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या की साजिश कब से रची जा रही थी, क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी और वारदात से पहले दोनों आरोपियों के बीच कितनी बार बातचीत हुई। डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल चैट और कॉल रिकॉर्ड की विस्तृत जांच जारी है।
इन अधिकारियों ने किया मामले का खुलासा
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर केएन सिंह, शिवनारायण कामत, थाना प्रभारी रोहित दांगी, संदीप कृष्णा, संजय कुमार, एसआई माइकल कोड़ा सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल रहे।

