‘तुम चालू करो, हम खत्म करेंगे’… झारखण्ड के दो गैंगस्टरों की वर्चुअल जंग ने बढ़ाया खूनी टकराव का खतरा..

राँची।झारखण्ड के अपराध जगत में एक बार फिर दो बड़े कुख्यात गैंगस्टर आमने-सामने हैं। कुख्यात अपराधी राहुल सिंह और प्रिंस खान के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुई जुबानी जंग अब गैंगवार की आशंका को हवा देने लगी है। दोनों तरफ से लगातार खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
दुनिया के किसी कोने में रहोगे, वहीं मारेंगे
विवाद की शुरुआत राहुल सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई, जिसमें उसने सीधे प्रिंस खान को निशाने पर लिया। पोस्ट में राहुल ने चुनौती देते हुए लिखा कि प्रिंस खान खुद को चाहे जितना सुरक्षित समझे, लेकिन बच नहीं पाएगा। उसने साफ शब्दों में कहा कि दुनिया के किसी भी कोने में रहोगे, वहीं घुसकर मारेंगे।
प्रिंस खान का पलटवार, ऑडियो जारी कर दी चेतावनी
राहुल सिंह की धमकी के बाद प्रिंस खान गुट ने भी जवाब देने में देर नहीं की। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो संदेश जारी किया गया, जिसमें प्रिंस खान ने राहुल सिंह को चेतावनी देते हुए कहा कि इस चुनौती का जल्द ही “करारा जवाब” मिलेगा। इस ऑडियो के सामने आने के बाद दोनों गुटों के बीच तनाव और बढ़ गया।
राहुल का दूसरा वार—तुम चालू करो, हम खत्म करेंगे
प्रिंस खान के ऑडियो के बाद राहुल सिंह ने फिर सोशल मीडिया पर आक्रामक पोस्ट साझा की। उसने एक ऑडियो के लिखा—”जय श्री राम, जय महाकाल, जोहार झारखण्ड… मोस्ट वेलकम प्रिंस खान। तुम चालू करो, हम खत्म करेंगे। तुमको जो लोग बाप समझ के बैठे हैं, अब उन्हें भी पता चल जाएगा कि हम एक चूहे को बाप बोल रहे थे। अब दोबारा प्रेस रिलीज जारी नहीं करेंगे।”
दबदबा या गैंगवार की तैयारी?
अपराध जगत पर नजर रखने वाले जानकारों का मानना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की बयानबाजी अक्सर गैंग का वर्चस्व दिखाने, विरोधियों में डर पैदा करने और रंगदारी के नेटवर्क को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा होती है। हालांकि लगातार बढ़ रही धमकियों ने इस आशंका को भी जन्म दे दिया है कि अगर समय रहते हालात नहीं संभले तो यह वर्चुअल वॉर कभी भी सड़कों पर खूनी गैंगवार का रूप ले सकता है।

