सात दिन से लापता शुभम की वाटरफॉल के पास मिली लाश, परिवार में मचा कोहराम

 

गिरिडीह। झारखण्ड के गिरिडीह से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एक सप्ताह से लापता 28 वर्षीय शुभम कुमार साव का शव वाटरफॉल के पास पत्थरों के बीच बरामद किया गया है। जिस युवक की तलाश में परिजन और स्थानीय लोग लगातार भटक रहे थे, उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

27 सितंबर को काम के लिए निकला था शुभम
जानकारी के अनुसार, शुभम कुमार साव 27 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे अपनी बाइक से गादी श्रीरामपुर स्थित श्री कृष्णा इंटरप्राइजेज में काम करने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद शुभम के पिता किशोर प्रसाद गुप्ता ने मुफ्फसिल थाना में उसके लापता होने की सूचना दी थी। परिजन और स्थानीय लोग भी लगातार उसकी तलाश में जुटे थे।


वाटरफॉल के पास शव मिलने से मची सनसनी
इसी बीच वाटरफॉल के पास पत्थरों के बीच शुभम का शव मिलने की सूचना सामने आई। शव बरामद होने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। एक सप्ताह से बेटे की तलाश कर रहे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मौत कैसे हुई, जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि लापता युवक शुभम साव का शव वाटरफॉल के पास बरामद किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

error: Content is protected !!