तड़ीपार था दाना, फिर भी शहर में बना रहा डेरा; पुलिस ने दबोचा
जमशेदपुर। जिला बदर का आदेश भी जिस अपराधी के लिए बेअसर साबित हो रहा था, आखिरकार पुलिस ने उसे दबोच लिया। सीसीए के तहत तड़ीपार अपराधी राजकुमार सिंह उर्फ दाना चोरी-छिपे शहर में घूम रहा था। शुक्रवार रात साकची पुलिस को उसकी मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे सीतारामडेरा ब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया।
काशीडीह में साथियों के साथ जुटा था दाना
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि दाना काशीडीह इलाके में कुछ साथियों के साथ मौजूद है और किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी।इसी दौरान पुलिस टीम ने सीतारामडेरा ब्रिज के पास घेराबंदी कर दाना को पकड़ लिया।
तड़ीपार के बाद भी चोरी-छिपे आता था शहर
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दाना ने बताया कि जिला बदर होने के बावजूद वह चोरी-छिपे जमशेदपुर आता-जाता था। उसके खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई की गई है।
आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज
राजकुमार सिंह उर्फ दाना सोनारी के निर्मल नगर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस उसके साथियों और तड़ीपार रहने के दौरान शहर में उसकी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।

