पहले व्हाट्सएप पर लेवी की धमकी, फिर दुकान के शटर पर बरसाई गोलियां
लोहरदगा में लेवी के बाद सीमेंट कारोबारी की दुकान पर फायरिंग, शटर पर मिले गोलियों के निशान
लोहरदगा। झारखण्ड के लोहरदगा में अपराधियों ने एक सीमेंट कारोबारी को कथित तौर पर लेवी के लिए धमकाने के बाद उसकी दुकान के शटर पर फायरिंग कर दी। शहर के हरमू रोड में हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामले में राहुल सिंह गिरोह के नाम से धमकी मिलने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही होगी।मामले की शुरुआत करीब दो दिन पहले हुई, जब सीमेंट कारोबारी राजेंद्र वर्मा को व्हाट्सएप के जरिए कथित तौर पर लेवी की मांग करते हुए धमकी दी गई। मैसेज में रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दिए जाने की बात कही जा रही है। राजेंद्र वर्मा ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस से की थी, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
धमकी के बाद रात में दुकान पर चली गोलियां
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात अज्ञात अपराधी हरमू रोड स्थित राजेंद्र वर्मा की सीमेंट दुकान के पास पहुंचे और दुकान के शटर पर फायरिंग कर दी। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।दिलचस्प बात यह है कि रात में फायरिंग की सूचना पुलिस तक पहुंच गई थी, लेकिन उस समय कारोबारी और उनके परिवार को घटना की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने एहतियात के तौर पर शहर में गश्त बढ़ा दी।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो सामने आया पूरा मामला
शनिवार सुबह राजेंद्र वर्मा जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तब उन्हें शटर पर गोलियों के निशान देखकर फायरिंग की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब फायरिंग के पीछे शामिल अपराधियों की पहचान और धमकी भरे व्हाट्सएप मैसेज के स्रोत की जांच कर रही है।
SP बोले- सूचना मिली है, जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि पुलिस को इस प्रकार की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट की जाएगी।फिलहाल पुलिस धमकी भरे मैसेज, फायरिंग की घटना और कथित लेवी मांग के बीच कनेक्शन की जांच कर रही है। शहरी क्षेत्र में कारोबारी की दुकान पर हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

