खूंटी में सनसनी: बोरे में बंद मिला युवती का शव, तिग्गा नदी पुल के नीचे फेंकी गई लाश

 

खूंटी। झारखण्ड के खूंटी जिले में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कर्रा थाना क्षेत्र में तिग्गा नदी पुल के नीचे प्लास्टिक के बोरे में बंद एक युवती का शव बरामद हुआ। कर्रा-लोधमा-धुर्वा सड़क पर कच्चाबारी पंचायत के अंतर्गत हुई इस घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवती की पहचान नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कहीं और करने के बाद शव को बोरे में भरकर पुल के नीचे फेंक दिया गया।

मैदा के बोरे में भरकर फेंका गया शव
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह ग्रामीणों की नजर तिग्गा नदी पुल के नीचे पड़े एक प्लास्टिक के बोरे पर पड़ी। संदेह होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची कर्रा थाना पुलिस ने बोरे की जांच की तो उसके अंदर एक युवती का शव मिला। युवती की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर शर्ट था। शव मैदा के बोरे में बंद था, जिसके कारण शरीर पर मैदा लगा हुआ था। इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

कहीं और हत्या कर शव फेंकने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और पहचान छिपाने के इरादे से शव को बोरे में बंद कर पुल के नीचे फेंक दिया गया। हालांकि, युवती की मौत कैसे हुई, उसकी हत्या किसने की और इसके पीछे क्या वजह थी, इन सवालों का जवाब अभी नहीं मिल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के जरिए मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

कौन है युवती? पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस युवती की पहचान कराने में जुटी है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और गुमशुदगी से जुड़े मामलों की भी पड़ताल की जा रही है। युवती की पहचान होने के बाद ही उसकी पृष्ठभूमि और घटना से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

छह से आठ माह पहले भी मिले थे महिला और पुरुष के शव

कर्रा थाना क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने की यह पहली घटना नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब छह से आठ माह पहले कटमकूकू जंगल से अलग-अलग तारीखों में एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद हुए थे। ग्रामीणों का कहना है कि उन दोनों शवों की पहचान भी अब तक नहीं हो सकी है। ऐसे में तिग्गा नदी पुल के नीचे एक और अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। युवती की पहचान, मौत की असली वजह और शव को पुल के नीचे फेंकने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों का पता लगाना पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है।

error: Content is protected !!