हत्या, रंगदारी और लूट के कुख्यात अपराधी गुरफान और मनिया राँची पुलिस के हत्थे चढ़े, लोडेड पिस्टल समेत दो बाइक जब्त

 

राँची।राजधानी राँची में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कथित तैयारी कर रहे दो कुख्यात अपराधियों को नामकुम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लोडेड पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कुख्यात छोटू उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन और फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, छोटू के खिलाफ हत्या, रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और छिनतई समेत 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, फरमान अंसारी के खिलाफ लूट, चोरी और छिनतई के चार मामले दर्ज हैं।

हाईटेंशन ग्राउंड के खंडहर में बना रहे थे योजना
नामकुम पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को 2 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम क्षेत्र का अपराधी छोटू उर्फ गुरफान खान अपने साथियों के साथ हाईटेंशन ग्राउंड के पास स्थित एक खंडहर भवन में मौजूद है। आशंका जताई गई थी कि आरोपी हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। इसमें नामकुम थाना प्रभारी समेत थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल को शामिल किया गया।

पुलिस को देखकर भागने लगे दोनों आरोपी
गठित टीम जब हाईटेंशन ग्राउंड स्थित खंडहर के पास पहुंची, तो वहां यामाहा एफजेड और बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिलीं। दोनों वाहनों पर एक-एक व्यक्ति बैठकर बातचीत कर रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन छापेमारी टीम ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया।पूछताछ में दोनों की पहचान छोटू उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन, निवासी मौलाना आजाद कॉलोनी, नामकुम, वर्तमान पता पुंदाग के जाकिर कॉलोनी, और फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटू, निवासी बंगला टोली, आईएसएम चौक, पुंदाग के रूप में हुई।

कमर के पीछे छिपाकर रखा था लोडेड पिस्टल
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान छोटू उर्फ गुरफान खान की कमर के पीछे बाईं तरफ एक पिस्तौल छिपाकर रखी मिली। पिस्तौल में मैगजीन लगी हुई थी और उसमें तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। कारतूस के निचले हिस्से पर KF 7.65 अंकित था।पुलिस ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया। बरामदगी में एक यामाहा एफजेड (रजिस्ट्रेशन नंबर JH-02BD-4001) और एक बुलेट (रजिस्ट्रेशन नंबर JH-01DK-8438) शामिल है।

हिंदपीढ़ी और मौलाना आजाद कॉलोनी से चोरी की थीं बाइक
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल हिंदपीढ़ी इलाके से चोरी की गई थी, जबकि बुलेट मोटरसाइकिल इस साल अगस्त में मौलाना आजाद कॉलोनी से चोरी की गई थी।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने यह भी बताया कि वे हथियार का इस्तेमाल छिनतई और लूटपाट जैसी घटनाओं में करते थे। पुलिस अब इन बयानों और बरामद सामान के आधार पर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

छोटू पर 17, फरमान पर चार आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, छोटू उर्फ गुरफान खान के खिलाफ नामकुम, हिंदपीढ़ी, सदर, लोअर बाजार, लालपुर, कोतवाली, पुंदाग, अरगोड़ा और रातू थाना क्षेत्रों में कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और छिनतई से जुड़े मामले शामिल हैं।वहीं, फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटू के खिलाफ जगन्नाथपुर, अरगोड़ा और डेली मार्केट थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी और छिनतई के कुल चार मामले दर्ज हैं।

नामकुम थाने में दर्ज हुआ मामला, अन्य साथियों की तलाश
इस पूरे मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 272/26, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(5), 309(4), 62 और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a), 26 और 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का नेटवर्क किन-किन आपराधिक घटनाओं से जुड़ा है।छापेमारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम), नामकुम थाना प्रभारी,दारोगा सोनू कुमार दास, शशि रंजन,जयदेव कुमार सराक समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और नामकुम थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

error: Content is protected !!